हैदराबाद के मीरपेट इलाके में गणेश विसर्जन ड्यूटी पर तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है. शिकायत के मुताबिक 23 सितंबर की देर रात अलमासगुड़ा कमान के पास कुछ लोग कथित तौर पर शराब के नशे में नाच-गाना कर रहे थे और राहगीरों को परेशानी हो रही थी. महिला SI ने मौके पर पहुंचकर लोगों को वहां से हटने के लिए कहा. आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया.
जांच में आरोपी की पहचान साकेत कुमार के रूप में हुई है, जिसे ऑक्सीजन फिटनेस क्लब का संचालक बताया गया है. महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
शिकायत के मुताबिक, घटना 23 सितंबर की सुबह अल्मासगुडा कमान के पास, श्लोका स्कूल के नज़दीक हुई. सब-इंस्पेक्टर की शिकायत के आधार पर, मीरपेट पुलिस ने कुमार के खिलाफ़ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2) और 132 के तहत मामला दर्ज किया.

मीरपेट इंस्पेक्टर बी. शोभन ने कहा, "आरोपी फरार है और पुलिस उसे खोजने की कोशिश कर रही है. जांच जारी है." DGP सी.वी. आनंद के अनुसार, गणेश विसर्जन के दौरान 13 लोगों (जिनमें एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थे) की मौत हो गई है, जबकि 26 लोग घायल हैं.
गणेश विसर्जन जुलूसों के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और ट्रैफ़िक कंट्रोल के लिए पूरे हैदराबाद में लगभग 30,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था. पूरे राज्य में सार्वजनिक जगहों पर कुल 1.24 लाख मूर्तियां स्थापित की गई थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं