- हैदराबाद में एक फ्रॉड बाबा ने जमीन में छिपे खजाने का लालच लेकर 11 लोगों से ठगी की
- खजाना निकालने के नाम पर फर्जी बाबा ने 11 लोगों से करीब 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की
- पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो कार, एक ऑटो, दो बाइक, 25 नकली सोने के सिक्के जब्त किए हैं
"तुम्हारे घर के नीचे गुप्त धन गड़ा है, जिसमें पैसा, सोना-चांदी समेत और भी बहुत कुछ है"... हैदराबाद में एक फ्रॉड बाबा ने ये बातें कहते हुए जमीन में छिपे खजाने का लालच लेकर 11 लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया. फर्जी बाबा ने 11 लोगों से करीब 1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक बाबा के वेष में बैठे शख्स को देखा जा सकता है.
जमीन में गड़े खजाने का लालच देकर ठगे 1 करोड़
जमीन पर वह कुछ तंत्र-मंत्र करता नजर आ रहा है. उसने जमीन पर हल्दी, रोली से एक गोला बनाया हुआ है, उसके पास तंत्र विद्या का सामान सजा रखा है. वहां कुछ पुतले नजर आ रहे हैं, उसके सामने बहुत से दीये जलाए हुए हैं, जिसमें ऊं लिखा नजर आ रहा है.साथ ही तंत्र-मंत्र का कुछ अन्य सामान भी पास रखा दिखाई दे रहा है.पुलिस ने फर्जी तांत्रिक का ये ढोंग उजागर कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.

घर के नीचे गुप्त खजाना गड़ा है
बता दें कि ठगी के इस मामले में हैदराबाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इन लोगों ने घरों के नीचे दबे गुप्त खजाने का झांसा देकर बड़ी रकम कई लोगों से ऐंठ ली. पुलिस ने खुलासा किया कि ये गैंग खुद जमीन के नीचे नकली सोने के सिक्के और कोयला दबाता था. लोगों से ये दावा करता था कि बाद में कोयला सोने में बदल जाएगा.

4 गिरफ्तार, कार, ऑटो, बाइक समेत पूजा का सामान जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो कार, एक ऑटो, दो बाइक, 25 नकली सोने के सिक्के, कोयला, मिट्टी और पूजा का सामान जब्त किया है.राजेंद्र नगर पुलिस स्टेशन में सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें-सावन शिवरात्रि आज, जानें जलाभिषेक का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, व्रत के नियम और उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं