पुणे के केतन अग्रवाल की हत्या का मामला देशभर में चर्चा में है. इस बीच हरियाणा के गुरुग्राम से भी ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवक ने अपनी 38 साल की गर्लफ्रेंड के लिए 22 साल की पत्नी की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि युवक ने गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर ही पत्नी को मारने का प्लान बनाया था. पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ है. खास बात यह है कि दोनों की शादी महज 3 महीने पहले ही हुई थी. लेकिन अब युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहना चाहता था. ऐसे में उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की तैयारी कर ली. 21 मई को युवक पत्नी को गर्लफ्रेंड के किराए के कमरे पर ले गया और यहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को दोनों ने बाथरूम में बंद कर दिया और मौके से भाग निकले.
हरियाणा पुलिस ने खोला हत्या का राज
युवक की पत्नी का नाम मधु था. 21 मई से ही वह लापता थी. ऐसे में उसके परिजनों ने तुरंत मामले की रिपोर्ट मानेसर थाने में दर्ज कराई. परिजनों ने पुलिस को बताया कि 21 मई को मधु का पति अंकित उसे स्कूटी पर बैठाकर ले गया था. ऐसे में पुलिस का शक सबसे पहले अंकित पर ही गया. जांच में पता चला कि अंकित उसे मानेसर बस स्टैंड के पास एक किराए के कमरे में ले गया था. जहां एक युवती उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती थी. 22 मई को पुलिस ने जब कमरा खोला तो उससे तेज बदबू आ रही थी. पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर का नजारा देखा तो सब हैरान रह गए. क्योंकि बाथरूम में मधु का सड़ चुका शव पड़ा था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अंकित की तलाश शुरू कर दी.
ये भी पढे़ंः 'मौत से कुछ घंटे पहले ही पार्टी दी थी', दिल्ली में नई-नवेली दुल्हन की आत्महत्या थ्योरी पर परिवार ने उठाए सवाल
मानेसर में हुई गिरफ्तारी
पत्नी मधु की हत्या के बाद पति अंकित अपनी गर्लफ्रेंड के साथ फरार हो गया था. दोनों लगातार छिप रहे थे. करीब एक महीने बाद दोनों किसी काम से मानेसर लौटे थे. पुलिस लगातार चौकसी में थे. ऐसे में जैसे ही दोनों के आने की खबर पुलिस को मिली तो अंकित और उसकी गर्लफ्रेंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो मामले में कुछ अहम खुलासे हुए हैं.
अंकित से 13 साल बड़ी थी गर्लफ्रेंड
पुलिस ने बताया कि मानेसर के रहने वाले अंकित भगत की उम्र 25 साल थी. जबकि उसकी गर्लफ्रेंड रजनी देवी की उम्र 38 साल थी, जो उससे 13 साल बड़ी थी, दोनों का पिछले पांच साल से अफेयर चल रहा था. इस बीच 19 फरवरी को उसकी शादी मधु से हुई थी. लेकिन शादी के 3 महीने बाद ही उसने गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर यह खौफनाक साजिश रच डाली. अंकित अब अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहना चाहता था, ऐसे में उसने पत्नी को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था. वह उत्तर प्रदेश से करीब 2 महीने पहले पिस्तोल लाया था और उसे गर्लफ्रेंड रजनी के रूम पर छिपा दिया था. 21 मई को वह पत्नी को यहां लेकर पहुंचा और उसे गोली मार दी.
नेपाल भागने की थी तैयारी
घटना के बाद दोनों ने गुरुग्राम से निकलकर हरिद्वार पहुंचे और यहां छिपे रहे. यहां से दोनों नेपाल भागने की तैयारी में थे. लेकिन किसी वजह से दोनों को मानेसर लौटना पड़ा. दोनों छोरी छिपे लौटे थे. लेकिन पुलिस ने उन्हें दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया. अंकित और रजनी ने मधु की हत्या की साजिश को कबूल कर लिया है.
ये भी पढे़ंः पढ़ाई के समय प्यार, फिर शादी, अब BDO पति के 'दूसरी महिला से अवैध संबंध' ने ली पत्नी की जान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं