विज्ञापन

बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम: आज से गुरुग्राम में 4,500 स्कूल बसों की होगी जांच, जानें क्या-क्या होगा चेक

गुरुग्राम में आज से स्कूल बसों की सेफ्टी चेक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है. आइए जानते हैं कि इस अभियान के दौरान स्कूल बसों में क्या-क्या चीजें चेक की जाएगी-

बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम: आज से गुरुग्राम में 4,500 स्कूल बसों की होगी जांच, जानें क्या-क्या होगा चेक
स्कूल बसों में नहीं चलेगी लापरवाही, गुरुग्राम में 4,500 बसों की होगी जांच
(P.C- @DC_Gurugram/X)

अगर आपका बच्चा स्कूल बस से स्कूल जाता है, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है. गुरुग्राम में आज यानी 6 जुलाई से स्कूल बसों की सेफ्टी चेक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है. यह अभियान अगले 15 दिनों तक चलेगा. इस दौरान जिले में चल रही करीब 4,500 स्कूल बसों की जांच की जाएगी. इस अभियान का मकसद यह देखना है कि बच्चों को स्कूल ले जाने वाली हर बस पूरी तरह सुरक्षित हो. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि बस सभी जरूरी नियमों का पालन कर रही है या नहीं.

इस बारे में डीसी गुरुग्राम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है. आइए जानते हैं कि इस अभियान के दौरान स्कूल बसों में क्या-क्या चीजें चेक की जाएगी-

कौन करेगा स्कूल बसों की जांच?

स्कूल बसों की जांच के लिए कई विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाई गई है. इस टीम में जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस, रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (आरटीए), हरियाणा रोडवेज, एसडीएम कार्यालय, शिक्षा विभाग और रोड सेफ्टी ऑफिसर (आरएसओ) के अधिकारी शामिल हैं.

यह टीम गुरुग्राम, बादशाहपुर, पटौदी, मानेसर और सोहना में तय कार्यक्रम के अनुसार स्कूल बसों की जांच करेगी. हर बस को ध्यान से देखा जाएगा ताकि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी कोई भी कमी छूट न जाए.

जांच के दौरान किन चीजों पर रहेगी नजर?
  • जांच के दौरान सबसे पहले बस के जरूरी कागज देखे जाएंगे. इसमें रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और इंश्योरेंस शामिल हैं. अगर इनमें से कोई दस्तावेज पूरा नहीं मिला या उसकी समय सीमा खत्म हो चुकी होगी, तो कार्रवाई की जा सकती है.
  • इसके बाद बस चलाने वाले ड्राइवर की भी जांच होगी. अधिकारी ड्राइवर का ड्राइविंग लाइसेंस, बैज, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पुलिस वेरिफिकेशन देखेंगे. यह भी चेक किया जाएगा कि बस में बच्चों की देखभाल के लिए हेल्पर या अटेंडेंट मौजूद है या नहीं.
  • बस में लगी सुरक्षा सुविधाओं की भी पूरी जांच होगी. इसमें स्पीड गवर्नर, जीपीएस, जहां जरूरी हो वहां सीसीटीवी कैमरे, फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स और इमरजेंसी एग्जिट शामिल हैं. 
  • इसके अलावा बस पर रिफ्लेक्टिव टेप, स्कूल बस की तय पहचान (मार्किंग) और इमरजेंसी संपर्क नंबर भी चेक किए जाएंगे. अधिकारी यह भी देखेंगे कि बस सुरक्षित स्कूल वाहन नीति (Safe School Vehicle Policy) और मोटर वाहन नियमों का पालन कर रही है या नहीं.

नियमों का पालन नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने साफ कहा है कि अगर किसी स्कूल बस में सुरक्षा से जुड़ी कोई कमी मिली या नियमों का पालन नहीं किया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर चालान या दूसरी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 12 जुलाई को लगेगी स्पेशल लोक अदालत, जानें टाइम और कैसे डाउनलोड करें चालान स्लिप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com