विज्ञापन

मोदी सरकार के 12 साल, BJP कैसे करेगी सेलिब्रेट, पूरी प्‍लानिंग तैयार

मोदी सरकार के बारह साल अगले सप्‍ताह पूरे होने जा रहे हैं. इस उपलब्धियों पर बीजेपी पांच बुकलेट जारी करेगी, जिसमें सरकार का पूरा लेखा-जोखा पेश किया जाएगा.

मोदी सरकार के 12 साल, BJP कैसे करेगी सेलिब्रेट, पूरी प्‍लानिंग तैयार
  • मोदी सरकार 12 साल पूरे होने पर देशव्यापी जनसंपर्क अभियान आयोजित कर अपनी उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करेगी
  • पांच बुकलेट में सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को समेटा जाएगा
  • 5 जून से 21 जून तक जनसंपर्क, सेवा, जागरूकता और विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न कार्यक्रम
नई दिल्‍ली:

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अगले सप्ताह 12 साल पूरे करने जा रही है. इस मौके को खास बनाने के लिए बीजेपी ने देश भर में जनसंपर्क अभियान चलाने का फैसला किया है. इसी के तहत पिछले बारह साल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पांच बुकलेट के माध्यम से पेश किया जाएगा. 
 

मोदी सरकार की उपलब्धियों को एक साथ समेटा

सूत्रों के अनुसार, इन बुकलेट को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है, ताकि महत्वपूर्ण विषयों पर मोदी सरकार की उपलब्धियों को एक साथ समेटा जा सके. उदाहरण के तौर पर राष्ट्र प्रथम नाम की बुकलेट में पिछले 12 वर्ष में किए गए उन बड़े फैसलों का उल्लेख होगा, जहां मोदी सरकार ने देश हितों को सर्वोपरि रखते हुए कदम उठाए. इसी तरह राष्ट्र निर्माण बुकलेट में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उठाए गए कदमों का सिलसिलेवार ढंग से विवरण दिया जाएगा. राष्ट्र सशक्तिकरण में भारत की सैन्य शक्ति के प्रदर्शन, ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक आदि का उल्लेख किया जाएगा.

"बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के"

5 जून से 21 जून 2026 तक देश भर में विभिन्न जनसंपर्क, सेवा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पार्टी इसे "बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" के रूप में मनाने जा रही है. पार्टी ने इन वर्षों को गरीब, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान, किसानों के हित, महिला सशक्तिकरण और समग्र विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया है. कार्यक्रमों की श्रृंखला में 8 से 12 जून तक मीडिया संवाद आयोजित किए जाएंगे. केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और पार्टी नेता सरकार की उपलब्धियों और विकास यात्राओं को जनता के सामने प्रस्तुत करेंगे. इसी दौरान इन बुकलेटों को जारी किया जाएगा.



“विकसित भारत संकल्प सम्मेलन”

इसके अलावा 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर नागरिकों से संवाद करेंगे और विकास कार्यों की जानकारी देंगे. इस अभियान के तहत वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्राएं तथा “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. प्रत्येक जिले में कम से कम 500 महत्वपूर्ण व्यक्तियों से संपर्क साधने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की योजनाओं का संदेश पहुँचाया जा सके.

 
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान

12 से 20 जून के बीच देशभर में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जहां आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर सहित अन्य योजनाओं में पात्र लोगों का पंजीकरण कराया जाएगा. पार्टी संगठन को निर्देश दिया गया है कि वह लाभार्थियों को शिविरों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए. इसके अतिरिक्त प्रत्येक जिले में सभागार बैठकों, उपलब्धियों की प्रदर्शनी और प्राकृतिक खेती पर कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा. पर्यावरण दिवस (5 जून) पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना है.

ये भी पढ़ें:-  मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर BJP का जनसंपर्क अभियान, केंद्रीय मंत्रियों से लेकर CM तक उतरेंगे मैदान में


पार्टी ने अभियान की सफलता के लिए प्रदेश और जिला स्तर पर विशेष टीमों के गठन, कार्यशालाओं के आयोजन और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया है. साथ ही, कार्यक्रमों के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं. भाजपा नेतृत्व का कहना है कि यह अभियान न केवल सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

ये भी पढ़ें:- साढ़े चार घंटे चली मंत्रिपरिषद की मैराथन बैठक खत्म, PM मोदी का निर्देश- 2047 को ध्यान में रखकर करें काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi, Pm Modi 12 Years, BJP Campaign
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com