- चुनाव आयोग ने दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी कर पहली चरण की मतदाता सूची जारी की है
- नई सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर करीब सत्तानवे लाख पचास हजार रह गई है
- नाम कटने के प्रमुख कारण मतदाता का अन्य राज्य में ट्रांसफर या पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थिति हैं
चुनाव आयोग ने दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी कर ली है. इसके अलावा पहले चरण की सूची भी जारी कर दी गई है. इस सूची में पहले के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में बड़ी गिरावट आई है और राजधानी में कुल वोटरों की संख्या 1 करोड़ से कम रह गई है. सूची के मुताबिक दिल्ली में अब वोटर 97 लाख 53 हजार 577 ही हैं. पहले मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 45 लाख 10 हजार 299 थी यानि SIR के पहले चरण में 47 लाख 56 हजार 722 मतदाताओं के नाम कट गए हैं. आयोग के अनुसार इस सूची से नाम कटने की कई वजहें हैं. इनमें सबसे बड़ी वजह मतदाताओं का नाम किसी और राज्य में ट्रांसफर होना है या फिर प्रक्रिया के दौरान गैरहाजिर रहना है.
चुनाव आयोग ने बताया कि जिन 47 लाख लोगों के नाम कटे हैं, उनमें से 43 लाख अनुपस्थित मिले हैं या फिर वोट कहीं और ट्रांसफर करा लिया है. इसके अलावा 1 लाख 41 हजार से ज्यादा वोटर ऐसे हैं, जिनके नाम डुप्लिकेट पाए गए. इसका अर्थ है कि उनका यूपी के अलावा भी कहीं और नाम दर्ज था. इसके अलावा दिल्ली में 2 लाख 82 हजार 412 मतदाताओं की मौत हो चुकी थी. इन लोगों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं. दिल्ली के SIR में कुल 13 हजार बीएलओ जुटे थे. इसमें आम आदमी पार्टी के 9462, भाजपा के 12788 और कांग्रेस के 10772 बीएलए भी शामिल रहे.
बूथ लेवल ऑफिसरों ने इस दौरान पूरी तत्परता से काम किया. जानकारी मिली है कि गैरहाजिर पाए गए वोटर्स के पतों पर बीएलओ एक नहीं बल्कि तीन बार गए. इसके बाद ही उनका नाम सूची से हटाए जाने की सिफारिश की गई. अब दिल्ली में मतदान केंद्रों की संख्या 13033 से बढ़ाकर 14947 कर दी गई है. दिल्ली में मतदाताओं की अंतिम सूची 4 नवंबर को जारी की जाएगी. दिल्ली के कुल मतदाता 97,53,577 हैं, जिनमें से महिला मतदाताओं की संख्या 47,64,137 है, जबकि पुरुष मतदाता 4988993 हैं वहीं थर्ड जेंडर मतदाता 447 मिले हैं.
इनमें 18-19 साल के मतदाता एक लाख से ज्यादा हैं, जबकि 85 साल से ज्यादा उम्र के मतदाता 40,871 हैं. राजधानी में 100 साल से ज्यादा उम्र के 189 मतदाता हैं. सबसे बड़ा मतदाताओं वाला विधानसभा मटियाला है यहां 333057 मतदाता हैं, जबकि सबसे छोटा दिल्ली कैंट जहां महज 41654 मतदाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं