- हिमाचल के किन्नौर में फ्लैश फ्लड का कहर देखने को मिला है. इसका वीडियो भी सामने आया है.
- यहां अचानक आई बाढ़ से सांगला-छितकुल सड़क बंद हो गई है. ITBP कैंप में भी मलबा भर गया है.
- इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल के कई जिलों में बारिश का रेड अलर्ड जारी किया है.
Kinnaur Flash Flood Video: हिमाचल प्रदेश में किन्नौर में मौसम ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है. शनिवार देर शाम सांगला वैली में मस्तरंग के पास ग्रागा नाले में अचानक बाढ़ आ गई, नाले में फ्लैश फ्लड के साथ भारी मात्रा में मिट्टी और बड़े पत्थर आए. इससे सांगला-छितकुल मार्ग बंद हो गया है. साथ ही आईटीबीपी कैंप में आवासीय परिसर खतरे की जद में आ गया. किन्नौर फ्लैश फ्लड का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें मिट्टी, बड़े पत्थर सहित अन्य मलबों के साथ बड़ी तेजी से पानी आगे बढ़ता नजर आ रहा है.
मलबे से सड़क बंद, ITBP कैंप भी जद में
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5 बजे अचानक आई इस बाढ़ के साथ भारी मात्रा में पत्थर और मलबा सड़क पर आ गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. फिलहाल सड़क बंद होने के अलावा किसी अन्य जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और सड़क बहाली के प्रयास किए जा रहे हैं.
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में अचानक आई फ्लैश फ्लड से सांगला-छितकुल मार्ग बंद हो गया. मस्तरंग क्षेत्र में भारी मलबा और पत्थर सड़क पर आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया. लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.#Kinnaur #HimachalPradesh pic.twitter.com/55yGAF6Kex
— NDTV India (@ndtvindia) July 19, 2026
मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की जारी की चेतावनी
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में 22 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 20 और 21 जुलाई के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है. कांगड़ा,हमीरपुर, चंबा, कुल्लू, सिरमौर, सोलन, ऊना और बिलासपुर जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
- प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें. मौसम की ताज़ा जानकारी और प्रशासन की सलाह का पालन करने की भी अपील की गई है.
- मौसम विभाग के अनुसार आज कांगड़ा, शिमला और मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, चंबा, कुल्लू, हमीरपुर और सिरमौर में भारी बारिश तथा ऊना, बिलासपुर और सोलन में मध्यम से भारी वर्षा का पूर्वानुमान है.
- 20-21 जुलाई को स्थिति और गंभीर हो सकती है. मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
- इसके अलावा, कुल्लू, शिमला, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना सहित कई अन्य जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है.
- किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है. 22 जुलाई को भी कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की आशंका वाले क्षेत्रों में जाने से बचें. नदी, नालों और अन्य जल स्रोतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और ट्रेकिंग और अन्य बाहरी गतिविधियों को फिलहाल टाल दें. वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का अनुसरण करने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें - आज का मौसम: यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में IMD का नया अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं