Messi or Mbappe: Who will win the Golden Boot: गोल्डन बूट की रेस काफी रोमा्ंचक हो गई है. तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ में इंग्लैंड के हाथों फ्रांस को 6-4 से हार का सामना करना पड़ा लेकिन इस हार में काइलियन एमबाप्पे ने दो गोल किए जिससे उन्होंने लियोनेल मेसी को पछाड़ दिया. इस वर्ल्ड कप में एमबाप्पे के 10 गोल हो गए हैं तो वहीं, मेसी के 8 गोल हैं, लेकिन अर्जेंटीना के इस खिलाड़ी के पास एमबाप्पे को पछाड़ने के लिए अभी भी एक मैच बाकी है. अब अगर 39 साल का यह खिलाड़ी स्पेन के खिलाफ फाइनल में दो बार गोल कर पाता है, तो वह ज़्यादा असिस्ट करने के कारण गोल्डन बूट जीत सकते हैं. इससे कम कुछ भी हुआ तो 27 साल के एमबाप्पे यह खिताब दो बार जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे.
मेसी को गोल्डन बूट का खिताब जीतने के लिए क्या करना होगा
- अब फाइनल में स्पेन के खिलाफ मेसी को अपना बेस्ट खेल दिखाना होगा. एक ओर जहां मेसी को तीन गोल करने की कोशिश करनी होगी और साथ ही गोल में असिस्ट करने में अपना योगदान देना होगा.
- इसके अलावा एमबाप्पे ने मेसी से 57 मिनट ज़्यादा खेले हैं, इसलिए अगर मेसी फाइनल में पूरे 90 मिनट (या उससे ज़्यादा) खेलते हैं, तो गोल्डन बूट जीतने के लिए उन्हें कम से कम हैट्रिक या दो गोल और एक असिस्ट की ज़रूरत होगी.
गोल्डन बूट की रेस में कौन-कौन
मुख्य दावेदारों में किलियन एम्बाप्पे (10 गोल, 4 असिस्ट), लियोनेल मेसी (8 गोल, 4 असिस्ट) और जूड बेलिंगहम (7 गोल, 1 असिस्ट) शामिल हैं.अन्य बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में एर्लिंग हालैंड, उस्मान डेम्बेले और हैरी केन शामिल हैं. लेकिन अब सीधा टक्कर मेसी और एम्बाप्पे के बीच है.
फीफा वर्ल्ड कप अवॉर्ड्स
- गोल्डन बूट — टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है.
- गोल्डन बॉल — टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी को दिया जाता है.
- गोल्डन ग्लव — सबसे बेहतरीन गोलकीपर को दिया जाता है.
- बेस्ट यंग प्लेयर — सबसे बेहतरीन युवा फ़ुटबॉलर को दिया जाता है.
- फ़ेयर प्ले अवॉर्ड — सबसे अनुशासित टीम को दिया जाता है.
- गोल ऑफ़ द टूर्नामेंट — वर्ल्ड कप में किए गए सबसे बेहतरीन गोल के लिए दिया जाता है.
गोल्डन बूट क्या है और यह कैसे तय किया जाता है?
गोल्डन बूट टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है, कतर में हुए 2022 FIFA वर्ल्ड कप में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे ने 8 गोल करके यह अवॉर्ड जीता था.
दो खिलाड़ियों के बीच टाई हुआ तो
अगर दो या उससे ज्यादा खिलाड़ियों के गोल की संख्या बराबर रहती है, तो यह अवॉर्ड उस खिलाड़ी को मिलता है जिसके सबसे ज्यादा असिस्ट होते हैं. अगर तब भी बराबरी रहती है, तो गोल्डन बूट उस खिलाड़ी को दिया जाता है जिसने मैदान पर कम मिनटों में गोल और असिस्ट किए हों.
गोल्डन बॉल क्या है और इसके लिए कौन-कौन से खिलाड़ी पसंदीदा हैं?
गोल्डन बॉल वर्ल्ड कप के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी को दिया जाता है. अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने कतर में हुए 2022 फीफा वर्ल्ड कप में यह अवॉर्ड जीता था. इसके लिए खिलाड़ियों को चुनने की प्रक्रिया टूर्नामेंट के दौरान ही शुरू हो जाती है, जिसमें फीफा का टेक्निकल स्टडी ग्रुप उम्मीदवारों की एक शॉर्टलिस्ट तैयार करता है. इसके बाद, वर्ल्ड कप कवर करने वाले मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधि वोटिंग करके विजेता का चुनाव करते हैं. दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः सिल्वर बॉल और ब्रॉन्ज बॉल दी जाती है.
1978 में शुरू किए गए इस अवॉर्ड को अक्सर ऐसे खिलाड़ियों ने जीता है जिनकी टीमें वर्ल्ड कप नहीं जीत पाईं. ओलिवर कान (2002), ज़िनेदिन जदान (2006), डिएगो फोरलान (2010), लियोनेल मेसी (2014) और लुका मोड्रिक (2018) ने फाइनल में हारने के बावजूद गोल्डन बॉल जीता. कान एकमात्र ऐसे गोलकीपर हैं जिन्होंने यह अवॉर्ड जीता है, हालांकि कुछ चयन विवादित भी रहे हैं.
गोल्डन बॉल का कौन है दावेदार
मेसी वर्ल्ड कप के इतिहास में एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने दो बार गोल्डन बॉल जीता है, 39 साल के मेसी इस साल भी पसंदीदा खिलाड़ियों की सूची में सबसे आगे हैं. स्पेन के रोड्री और मिकेल ओयारज़ाबल, फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और उनके साथी खिलाड़ी माइकल ओलिस भी दावेदारों में शामिल हैं.
गोल्डन ग्लव क्या है और इसके लिए कौन-कौन से खिलाड़ी हैं दावेदार ?
गोल्डन ग्लव वर्ल्ड कप में सबसे अच्छे गोलकीपर को दिया जाता है. पिछली बार कतर में हुए 2022 FIFA वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के एमिलियानो मार्टिनेज ने यह अवॉर्ड जीता था. विजेता का चुनाव गोलकीपर के मैचों पर असर, अहम बचाव और क्लीन शीट की संख्या के आधार पर किया जाता है. यह अवॉर्ड 1994 में शुरू किया गया था और 2010 तक इसे 'लेव याशिन अवॉर्ड' के नाम से जाना जाता था. पिछले 5 वर्ल्ड कप में से चार बार यह सम्मान खिताब जीतने वाली टीम के गोलकीपर को मिला है.
गोल्डन ग्लव का कौन है दावेदार
इस साल के वर्ल्ड कप में गोलकीपरों का प्रदर्शन चर्चा का विषय रहा है. केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है और शानदार बचाव करके सोशल मीडिया पर खूब तारीफ बटोरी है. स्पेन के उनाई साइमन अभी गोल्डन ग्लव के लिए सबसे आगे चल रहे दावेदार हैं. उन्होंने अब तक वर्ल्ड कप के 7 मैचों में सिर्फ एक गोल खाया है. अन्य दावेदारों में इंग्लैंड के जॉर्डन पिकफ़ोर्ड, पैराग्वे के ऑरलैंडो गिल, पुर्तगाल के डियोगो कोस्टा, स्विट्जरलैंड के ग्रेगोर कोबेल, मोरक्को के यासीन बोनू और मिस्र के मोस्टफ़ा शोबेर शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं