विज्ञापन

हिमाचल में एंट्री टैक्स पर विवाद, बीजेपी ने किया विरोध, कानून‑व्यवस्था बिगड़ने की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स बढ़ोतरी को लेकर विधानसभा में बीजेपी विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया. नेता विपक्ष ने कानून‑व्यवस्था बिगड़ने की चेतावनी दी, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खू ने कहा कि पंजाब से बातचीत के बाद युक्तिकरण पर फैसला लिया जाएगा.

हिमाचल में एंट्री टैक्स पर विवाद, बीजेपी ने किया विरोध, कानून‑व्यवस्था बिगड़ने की चेतावनी
  • हिमाचल प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से वाहनों पर एंट्री टैक्स को लगभग ढाई गुना बढ़ाने का निर्णय लिया है
  • भाजपा विधायकों ने विधानसभा में इस बढ़ोतरी का विरोध करते हुए कानून व्यवस्था बिगड़ने की चेतावनी दी है
  • नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पंजाब में हिमाचल के वाहनों को रोकने की धमकी भी दी जा रही है

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बढ़ाए गए एंट्री टैक्स को लेकर विवाद थमता नहीं दिख रहा है. एंट्री टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ आज विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बीजेपी विधायकों ने विधानसभा परिसर में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. नेता विपक्ष ने आरोप लगाया कि अगर सरकार ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो हिमाचल और पंजाब के बीच टकराव से कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है. वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खू ने कहा कि इस मामले में युक्तिकरण पर विचार किया जाएगा और कानून व्यवस्था बिगड़ने की कोई स्थिति नहीं बनेगी.

ढाई गुना बढ़ोतरी का बीजेपी ने किया विरोध

आज विधानसभा बजट सत्र के दौरान बीजेपी विधायकों ने प्रदेश सरकार द्वारा गाड़ियों पर एंट्री टैक्स ढाई गुना बढ़ाए जाने के फैसले का विरोध किया. प्रदर्शन कर रहे विधायकों का कहना था कि अगर बढ़ाए गए टैक्स को वापस नहीं लिया गया तो पंजाब और हिमाचल के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है, जिससे कानून व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है. इस पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खू ने कहा कि सरकार इस मामले में युक्तिकरण का फैसला लेगी और कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी.

ये भी पढ़ें : हिमाचल से हवा भरकर लाया ये लड़का, दिल्ली वालों को चखाया 'शुद्ध ऑक्सीजन' का स्वाद, वीडियो वायरल

कानून व्यवस्था बिगड़ने की चेतावनी

विधानसभा परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता विपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को सदन के अंदर और बाहर बार‑बार चेताया जा रहा है कि यदि एंट्री टैक्स में की गई बेहताशा बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया गया तो कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है. उन्होंने ये भी कहा कि पंजाब और हरियाणा में हिमाचल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो चुके हैं और पड़ोसी राज्य पंजाब में टैक्स बढ़ाने के फैसले का कड़ा विरोध हो रहा है.

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी परेशानी

जयराम ठाकुर ने कहा कि एंट्री टैक्स बढ़ोतरी एक अप्रैल से लागू हो जाएगी, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले हिमाचल के लोगों की परेशानी बढ़ना तय है. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब ने भी विरोध स्वरूप हिमाचल की गाड़ियों को रोकने की धमकी दी है. उन्होंने कहा कि इस फैसले से पर्यटन से जुड़े लोग और टैक्सी यूनियन सबसे ज्यादा परेशान हैं, इसलिए सरकार को अपने फैसले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए. इस मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खू ने कहा कि सरकार एंट्री टैक्स को लेकर युक्तिकरण पर कोई निर्णय लेगी. उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा बड़िंग और बाजवा से बात हुई है और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बातचीत के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें ; नोएडा-गाजियाबाद से चंडीगढ़ तक प्रॉपर्टी रजिस्ट्री महंगी, उत्तराखंड-हिमाचल में घूमना महंगा, 1 अप्रैल से बदलाव

सीएम का दावा: हालात नहीं बिगड़ेंगे

मुख्यमंत्री ने नेता विपक्ष जयराम ठाकुर के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बिगड़ने जैसी कोई स्थिति नहीं बनेगी. गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने एक अप्रैल से एंट्री टैक्स बढ़ाने का ऐलान किया है। कार समेत छोटे वाहनों से पहले जहां 70 रुपये एंट्री टैक्स लिया जाता था, अब इसके लिए 170 रुपये देने होंगे. इसके अलावा अन्य बड़े वाहनों का एंट्री टैक्स भी ढाई गुना बढ़ा दिया गया है. इस फैसले का सबसे ज्यादा विरोध पंजाब और हरियाणा के लोग कर रहे हैं और पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में इसका विरोध सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है.

लेखक के बारे में
img
VD Sharma
Reporter
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Himachal Entry Tax, BJP Protest Himachal Assembly, Entry Tax Hike Himachal, Jairam Thakur Allegation, Sukhvinder Singh Sukhu Statement, Punjab Himachal Dispute, Law And Order Concern, Entry Tax Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com