- बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव की वजह से ओडिशा में तूफान आने की आशंका जताई जा रही है
- सरकार ने भारी बारिश की वजह से कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए और सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी
- मौसम विभाग ने दक्षिणी और तटीय ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है
बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव की वजह से तूफान आने के आसार हैं. गहरे दबाव चक्रवात अर्नब में तब्दील होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि ये जरूरी नहीं है कि ये चक्रवात बने. मौसम के इस सिस्टम की वजह से ओडिशा में मंगलवार को तटीय और दक्षिणी इलाकों में भारी बारिश हुई, जिसके मद्देनजर सरकार ने स्कूल बंद कर दिए और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दीं. साथ ही, संभावित आपदा से निपटने की तैयारी के लिए संवेदनशील इलाकों में दलों को तैनात किया गया है.
मौसम विभाग के खराब मौसम जारी रहने के पूर्वानुमान के मद्देनजर खुर्दा, जगतसिंहपुर, गंजाम और गजपति जिला प्रशासन ने मंगलवार को स्कूल बंद रखने का फैसला किया, जबकि मलकानगिरी में 24 सितंबर तक स्कूल बंद रखने की घोषणा की गई है.
आंगनवाड़ी केंद्र 24 सितंबर तक बंद
हालांकि, शिक्षक और अन्य कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित होंगे. प्रधानाचार्यों को रोस्टर के आधार पर ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि स्कूल भवन चौबीसों घंटे खुले रहें और किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखे जा सकें. एक अधिसूचना में कहा गया कि 22 सितंबर को निर्धारित राष्ट्रीय ग्रामीण प्रतिभा छात्रवृत्ति परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी.
📷 Highest Rainfall Recorded in the Last 24 Hours on 23rd September 2026
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 23, 2026
Stay updated with the latest weather observations and forecasts from IMD.#Rainfall #HeavyRainfall #WeatherUpdate #IMD #IndiaWeather #RainfallObservation pic.twitter.com/8JKH9NUnJU
सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
कोरापुट और कालाहांडी जिलों के अधिकारियों ने शिक्षकों को 25 सितंबर तक अपने तैनाती स्थल नहीं छोड़ने का निर्देश दिया है. अधिकारियों ने बताया कि गंजाम, कोरापुट और कालाहांडी में मौजूदा मौसम की स्थिति के कारण सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. सरकार ने कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी है, जिनमें गंजाम और कंधमाल को जोड़ने वाला कलिंगा घाट भी शामिल है. मौजूदा मौसम की स्थिति के कारण चिलिका झील में सतपाड़ा और जाह्नीकुड़ा के बीच नौका सेवा चार दिनों तक, यानी 25 सितंबर तक, निलंबित रहेगी.
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव ओडिशा के गोपालपुर से करीब 220 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से 320 किलोमीटर दूर है.
आईएमडी ने कहा, "इसके अगले 12 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव में बदलने की बहुत अधिक संभावना है. पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए, इसके 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की तड़के के बीच विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को गहरे दबाव के रूप में पार करने की बहुत अधिक संभावना है."
दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा कि 11 जिलों के जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, क्योंकि आईएमडी ने राज्य के दक्षिणी और तटीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया और गंभीर जलभराव, शहरी बाढ़, भूस्खलन, मलबा खिसकने और ऐसी अन्य घटनाओं की चेतावनी दी है.
गर्ग ने कहा कि प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कई चक्रवात और बाढ़ आश्रय स्थलों को तैयार रखा है। हालांकि, उन्होंने इस बार चक्रवात आने की संभावना से इनकार किया.आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है और इसके 25 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है.
ओडिशा के कुछ हिस्सों में 23 से 25 सितंबर तक रेड अलर्ट
दक्षिणी ओडिशा के कुछ हिस्सों के लिए 23 से 25 सितंबर तक रेड अलर्ट जारी किया गया है. 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में भारी से बहुत भारी बारिश होने और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है. कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी को भी 24 और 25 सितंबर के लिए रेड अलर्ट पर रखा गया है.
आईएमडी ने कहा कि 23 सितंबर की सुबह से 24 सितंबर की शाम तक दक्षिणी ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों के पास और उससे दूर 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले तेज हवाओं के झोंके चलने की संभावना है.
इनपुट- भाषा
ये Video भी देखें:|बाढ़, बारिश और बर्बादी... गंगा का ऐसा रूप नहीं देखा होगा| TOP NEWS
ये भी पढे़ं-दिल्ली में गर्मी के बीच मॉनसून की पलटी, यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में आज मूसलाधार बारिश, यहां पड़ेगा सूखा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं