दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर भारत मौसम विभाग (IMD) का ताजा अपडेट सामने आया है. इस साल 26 मई तक मानसून केरल नहीं पहुंच सका, हालांकि 27 मई को इसके आगे बढ़ने की पुष्टि की गई है.
केरल में देरी, लेकिन रफ्तार जारी
IMD के मुताबिक, 15 मई को जारी पूर्वानुमान में कहा गया था कि मानसून 26 मई (±4 दिन की त्रुटि) के आसपास केरल पहुंच सकता है. लेकिन तय तारीख तक यह केरल तट तक नहीं पहुंच पाया. हालांकि, 27 मई को जारी ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप, बंगाल की खाड़ी और अंडमान क्षेत्र के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है.
अगले 2-3 दिन अहम
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं. इसके तहत अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में इसकी रफ्तार और तेज हो सकती है.

पिछले साल से तुलना
आमतौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है. लेकिन 2025 में यह 24 मई को ही केरल पहुंच गया था और 29 जून तक पूरे देश को कवर कर लिया था. इस लिहाज से इस साल मानसून थोड़ी धीमी शुरुआत करता दिख रहा है.
इस साल बारिश कम रहने का अनुमान
IMD के लॉन्ग रेंज फोरकास्ट के मुताबिक, जून से सितंबर 2026 के दौरान देशभर में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. अनुमान है कि इस बार कुल बारिश Long Period Average (LPA) का करीब 92% रह सकती है.
अल नीनो का असर पड़ सकता है
Monsoon Mission Climate Forecast System (MMCFS) के मुताबिक, मानसून सीजन के दौरान El Niño कंडीशंस विकसित हो सकती हैं.
जून तक हालात न्यूट्रल रहने का अनुमान
जुलाई के बाद El Niño एक्टिव होने की संभावना है. अगस्त-सितंबर में इसका ज्यादा असर बारिश पर दिख सकता है.
यह भी पढ़ें- 47°C की भीषण गर्मी में कैसे बचाएं खुद को और परिवार को? हर उम्र के लिए जरूरी टिप्स
किस क्षेत्रों में ज्यादा/कम बारिश
IMD के मुताबिक देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होगी. नॉर्थ-ईस्ट, नॉर्थ-वेस्ट और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य या उससे अधिक बारिश संभव है.
खेती पर असर कितना?
बता दें कि मानसून का सीधा असर खरीफ फसलों पर पड़ता है. ज्यादातर बुवाई जून-जुलाई में होती है. IMD का मानना है कि भले ही बारिश औसत से कम रहने का अनुमान है, लेकिन शुरुआती चरण में इसका खेती पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा.
अब अगली रिपोर्ट का इंतजार
IMD मई के अंत तक मानसून पर दूसरा लॉन्ग रेंज फोरकास्ट जारी करेगा, जिससे इस साल की बारिश की तस्वीर और साफ हो सकेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं