- हरियाणा के चरखी दादरी बस स्टैंड परिसर से सरकारी बस चोरी हो गई है.
- बस चालक महेंद्र सिंह ने सुबह ड्यूटी के लिए पहुंचकर बस गायब देख रोडवेज अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी.
- चोरी की घटना रात 8.53 मिनट पर हुई, जिसे सीसीटीवी फुटेज में बस स्टैंड से बस निकालते हुए दिखा.
हरियाणा में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे आम वाहनों को छोड़ सरकारी संपत्तियों को भी निशाना बनाने लगे हैं. ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला चरखी दादरी से सामने आया है, जहां चोरों ने सीधे बस स्टैंड परिसर के अंदर से ही हरियाणा रोडवेज की एक पूरी बस पर हाथ साफ कर दिया. इस सुरक्षा चूक के बाद रोडवेज महकमे और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है. सुबह जब ड्राइवर स्टैंड पहुंचा तो बस गायब देख कर उसके होश उड़ गए.
चरखी दादरी बस स्टैंड से हुई बस की चोरी
मिली जानकारी के अनुसार चोरी हुई बस भिवानी डिपो के लोहारू सब डिपो की थी, जिसका नंबर HR55GV-3683 है. बस के चालक महेंद्र सिंह बीती देर शाम अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद बस को नाइट स्टे के लिए चरखी दादरी बस स्टैंड पर खड़ी करके गए थे. घटना का खुलासा आज सुबह तब हुआ जब बस के चालक महेंद्र सिंह अपनी निर्धारित ड्यूटी के लिए सुबह-सुबह बस स्टैंड पहुंचे.
वहां बस को न पाकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रोडवेज अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को दी. बस स्टैंड जैसे सुरक्षित माने जाने वाले सार्वजनिक स्थान से सरकारी बस गायब होने की खबर फैलते ही विभाग में खलबली मच गई.

CCTV फुटेज में स्टैंड से बस लेकर निकलता दिखा चोर.
Photo Credit: NDTV
CCTV में रात 8:53 बजे दिखी चोरी की वारदात
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और रोडवेज विभाग ने तत्काल बस स्टैंड परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. फिर फास्टैग के जरिए बस का लोकेशन 535 किलोमीटर दूर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से का मिला. जिसके बाद राजस्थान पुलिस की मदद से बस को चित्तौड़गढ़ से बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है.
डिपो SM ने मामले की पुष्टि की, पुलिस में शिकायत दी
रोडवेज डिपो के स्टेशन सुपरवाइजर सतीश दुहन ने बताया कि जांच के दौरान जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो पता चला कि यह वारदात रात को करीब 8:53 बजे ही अंजाम दे दी गई थी. कोई अज्ञात व्यक्ति बस को बस अड्डे से लेकर बाहर निकला है. बस चालक महेंद्र सिंह द्वारा इस संबंध में बस अड्डा पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है. वहीं रोडवेज विभाग द्वारा इस बड़ी लापरवाही और चोरी की घटना को लेकर विभागीय स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.
यह भी पढ़ें - एटा में भीषण हादसा: खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर, 5 यात्रियों की मौत, 12 घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं