विज्ञापन

एटा में भीषण हादसा: खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर, 5 यात्रियों की मौत, 12 घायल

एटा में खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल में चल रहा है.

एटा में भीषण हादसा: खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर,  5 यात्रियों की मौत, 12 घायल
एटा में हादसा, घटनास्थल पर पहुंचा पुलिस

Etah Road Accident: उत्तर प्रदेश के एटा में गुरुवार-शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा (Road Accident) हो गया. इस हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं. जबकि 12 लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. यह हादसा एटा जनपद के बागवाला क्षेत्र के कीलरमऊ गांव का है. जानकारी के मुताबिक, कीलरमऊ गांव के समीप सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के नीचे खड़े यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. इस हादसे में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए.

घटनास्थल पर मची चीख-पुकार

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य में जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. सभी घायलों को तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायलों का उपचार जारी है. 

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत व बचाव कार्य का जायजा लिया. साथ ही चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

पांच यात्रियों की मौके पर मौत

मृतकों की पहचान बुलंदशहर निवासी सतेंद्र (38), फर्रुखाबाद के दौलतपुर निवासी राजेश (34), फर्रुखाबाद निवासी सुखराम (30), फर्रुखाबाद के नवाबगंज निवासी शैलेश (29) और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है.

12 यात्री घायल

वहीं इस हादसे में नोएडा सेक्टर-34 के रहने वाले आनंद (52), नवाबगंज निवासी विवेक (30), पूनम (32), एटा निवासी नीतीश (30), विशाल (15), रवि (17), यतेंद्र (27), दक्ष (10), विक्रांत (23), सुमित, रिशु (21), ब्रजेश (24) आदि घायल हो गए हैं. 

तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी जोरदार टक्कर

मृतक राजेश के भाई पवन कुमार ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली जा रहा था. कीलरमऊ गांव के पास बस खराब होने के कारण खड़ी थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में उनके भाई राजेश की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी हादसे में घायल हो गए हैं.

जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने टक्कर मार दी, जिससे बस के बाहर खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए. उन्होंने कहा कि सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई गई है और  दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है.

(एटा से धनन्जय भदौरिया की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: गाजियाबाद: ट्रॉनिका सिटी की गद्दा और पेपर रोल बनाने वाली फैक्ट्री में देर रात लगी भीषण आग

ये भी पढ़ें:  दिल्ली में आज भी झमाझम बारिश, यूपी से राजस्थान तक मॉनसून लाया गुड न्यूज, मुंबई में आफत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Road Accident In Up, UP News, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com