हापुड़ में अवैध खनन को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से RSS नेता और किसान सतीश कुमार की मौत हो गई. परिजनों ने खनन माफिया पर पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. घटना सोमवार देर शाम हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव की है. बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सपनावत खंड के सहसंपर्क प्रमुख और किसान सतीश कुमार अपने घर के बाहर खड़े थे. इसी दौरान अवैध खनन की मिट्टी से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां से गुजरी और सतीश को टक्कर मार दी. परिजनों का आरोप है कि टक्कर के बाद सतीश ट्रैक्टर के नीचे फंस गए, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी.
30 से 35 मीटर तक घसीटने का आरोप
आरोप है कि सतीश को करीब 30 से 35 मीटर तक घसीटा गया. ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनकर ट्रैक्टर का पीछा किया और घेराबंदी की कोशिश की. इसी दौरान चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. हादसे में ट्रैक्टर चालक, घुंघराला गांव निवासी कलीम भी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल ट्रैक्टर चालक कलीम को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन हो रहा है और रात के समय मिट्टी से भरे ट्रैक्टर तेज रफ्तार से दौड़ते रहते हैं. ग्रामीणों द्वारा कई बार इसका विरोध भी किया गया.
रंजिश की वजह से हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सतीश को जानबूझकर निशाना बनाया गया. पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन पर भी खनन माफिया से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना में दो समुदायों के लोगों के जुड़े होने के कारण गांव में तनाव और विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई.
हापुड़ में अवैध खनन को लेकर हुए इस विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है. एक तरफ परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, तो वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में जांच और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह तेज रफ्तार ट्रैक्टर से हुआ हादसा था या फिर इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी.
पुलिस कह रही जांच की बात
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि थाना हाफिजपुर क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से सतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. वहीं ट्रैक्टर चालक कलीम भी ट्रॉली पलटने से गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार चल रहा है. मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार थार का भीषण हादसा, उड़े परखच्चे; 4 दोस्तों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं