गुरुग्राम की तेज रफ्तार जिंदगी शुक्रवार शाम अचानक थम सी गई. शाम करीब 7:50 बजे रैपिड मेट्रो की सेवाएं रुक गईं. ऑफिस से लौट रहे कई यात्रियों को स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ा. कुछ लोग भीषण गर्मी के बीच ट्रेन के अंदर फंस गए. कई यात्रियों को तो अपनी जान जोखिम में डालकर मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक पर पैदल चलकर अगले स्टेशन तक जाना पड़ा. रात करीब 8:33 बजे तक मेट्रो बाधित रहने से यही स्थिति बनी रही. गुरुग्राम के कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे. साइबर सिटी में रात 10 बजे तक ऐसी ही स्थिति बनी रही.
कई इलाकों में बत्ती गुल
दरअसल, सेक्टर-72 सबस्टेशन में ट्रांसफॉर्मर सर्किट में तेल का रिसाव हो रहा था. इससे पहले कि ऑपरेटर सुरक्षा के तहत ब्रेकर ट्रिप कर पाता, ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाका हो गया और उसमें आग लग गई. इस वजह से ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न हो गई.
धमाके की वजह से करंट ट्रांसफॉर्मर के कॉलर भी टूट गए, जिससे आसपास के कई सिस्टम प्रभावित हो गए. इसके बाद सेक्टर-56 और सेक्टर-52 के बड़े 220 केवी सबस्टेशन सहित पांच 66 केवी सबस्टेशन बंद हो गए. इसका असर सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 और मारुति क्षेत्र तक बिजली गुल रही.
हरियाणा | सेक्टर-72 स्थित 220 KVA पावर स्टेशन के मुख्य ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद गुरुग्राम के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई: संदीप चुघ, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) PRO गुरुग्राम
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 22, 2026
(तस्वीर सोर्स: DHBVN PRO गुरुग्राम) pic.twitter.com/XG6U2AjX93
सबस्टेशन से येलो लाइन को भी होती है सप्लाई
सेक्टर-72 सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी. इस सबस्टेशन से रैपिड मेट्रो गुरुग्राम और दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के गुरुग्राम सेक्शन को बिजली सप्लाई करता है. पूरा सिस्टम बहाल होने में करीब 2.30 घंटे का वक्त लग गया. रात 10:10 बजे तक विभाग ने व्यवस्था को पूरी तरह बहाल किया. हालांकि, दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं हुईं. येलो लाइन को स्टैंडबाय सबस्टेशन के जरिए संचालित किया गया, जिससे वहां परिचालन सामान्य बना रहा.
यह भी पढ़ेंः गुरुग्राम में बत्ती गुल, मेन ट्रांसफर्मर के फुंकने से कई बिजली घर पड़े ठप, रैपिड मेट्रो पर भी लगा ब्रेक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं