विज्ञापन

मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में 2 घंटे अंधेरा, रैपिड मेट्रो ठप, मेट्रो ट्रैक से पैदल चले लोग, रात भर रही बत्ती गुल

सेक्टर-72 सबस्टेशन में ट्रांसफॉर्मर में ब्लास्ट के चलते कई इलाकों में ब्लैकआउट रहा. रैपिड मेट्रो भी बीच रास्ते में बंद हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. रात करीब 10 बजे के आसपास मेट्रो की सेवा सामान्य हुई.

मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में 2 घंटे अंधेरा, रैपिड मेट्रो ठप, मेट्रो ट्रैक से पैदल चले लोग, रात भर रही बत्ती गुल
Gurugram Blackout: मेट्रो स्टेशन पर काफी देर तक अंधेरा में डूबा रहा.

गुरुग्राम की तेज रफ्तार जिंदगी शुक्रवार शाम अचानक थम सी गई. शाम करीब 7:50 बजे रैपिड मेट्रो की सेवाएं रुक गईं. ऑफिस से लौट रहे कई यात्रियों को स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ा. कुछ लोग भीषण गर्मी के बीच ट्रेन के अंदर फंस गए. कई यात्रियों को तो अपनी जान जोखिम में डालकर मेट्रो के एलिवेटेड ट्रैक पर पैदल चलकर अगले स्टेशन तक जाना पड़ा. रात करीब 8:33 बजे तक मेट्रो बाधित रहने से यही स्थिति बनी रही. गुरुग्राम के कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे. साइबर सिटी में रात 10 बजे तक ऐसी ही स्थिति बनी रही.

कई इलाकों में बत्ती गुल 

दरअसल, सेक्टर-72 सबस्टेशन में ट्रांसफॉर्मर सर्किट में तेल का रिसाव हो रहा था. इससे पहले कि ऑपरेटर सुरक्षा के तहत ब्रेकर ट्रिप कर पाता, ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाका हो गया और उसमें आग लग गई. इस वजह से ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न हो गई. 

धमाके की वजह से करंट ट्रांसफॉर्मर के कॉलर भी टूट गए, जिससे आसपास के कई सिस्टम प्रभावित हो गए. इसके बाद सेक्टर-56 और सेक्टर-52 के बड़े 220 केवी सबस्टेशन सहित पांच 66 केवी सबस्टेशन बंद हो गए. इसका असर सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 और मारुति क्षेत्र तक बिजली गुल रही.

सबस्टेशन से येलो लाइन को भी होती है सप्लाई

सेक्टर-72 सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी. इस सबस्टेशन से रैपिड मेट्रो गुरुग्राम और दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के गुरुग्राम सेक्शन को बिजली सप्लाई करता है. पूरा सिस्टम बहाल होने में करीब 2.30 घंटे का वक्त लग गया. रात 10:10 बजे तक विभाग ने व्यवस्था को पूरी तरह बहाल किया. हालांकि, दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं हुईं. येलो लाइन को स्टैंडबाय सबस्टेशन के जरिए संचालित किया गया, जिससे वहां परिचालन सामान्य बना रहा. 

यह भी पढ़ेंः गुरुग्राम में बत्ती गुल, मेन ट्रांसफर्मर के फुंकने से कई बिजली घर पड़े ठप, रैपिड मेट्रो पर भी लगा ब्रेक


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram Power Cut, Rapid Metro, Gururam Blackout, Delhi Metro Yellow Line, Gurgaon News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com