Wasim Jaffer Massive Prediction On RCB Ahead Of IPL 2026 Playoffs: आईपीएल के 19वें सीजन का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. लीग चरण के 67वें मुकाबले में आज (22 मई 2026) सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा. अहम मुकाबले से पूर्व देश के पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर (Wasim Jaffer) की एक बड़ी भविष्यवाणी सच होती हुई नजर आ रही है. 48 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर ने कहा था कि जारी सीजन का पहला क्वालीफायर मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा. यहीं नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि बेंगलुरु धर्मशाला में गुजरात को शिकस्त देते हुए फाइनल में प्रवेश करेगी.
वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए कहा था, 'मुझे लगता है कि आरसीबी और जीटी की टीम पहला क्वालीफायर मैच खेलेगी. एसआरएच के सामने स्थिति काफी कठिन है. पहले क्वालीफायर मुकाबले में आरसीबी की टीम को धर्मशाला में जीत मिलेगी.'
सच होती हुई नजर आ रही है वसीम जाफर की भविष्यवाणी
टूर्नामेंट के 67 मुकाबले बीत जाने के बाद वसीम जाफर की भविष्यवाणी सच होती हुई नजर आ रही है. बेंगलुरु ने अपने खिताब का बचाव करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है. आरसीबी के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने अपने 13 मुकाबलों में नौ जीत हासिल की है, जबकि महज चार मुकाबलों में शिकस्त का सामना करना पड़ा है. टीम के खाते में 18 अंक (+1.065) हैं और वह अंकतालिका में टॉप पर काबिज है.
जीटी ने भी हर किसी को किया है प्रभावित
वहीं जारी टूर्नामेंट में गुजरात टाइटंस की टीम ने भी हर किसी को प्रभावित किया है. जीटी ने पिछले मुकाबले में सीएसके के खिलाफ जीत हासिल करते हुए लीग चरण का समापन किया है. टीम के खाते में कुल 18 अंक (+0.695) हैं और नेट रन रेट में पीछे होने की वजह से वह अंकतालिका में आरसीबी से एक पायदान नीचे दूसरे स्थान पर स्थित है.
तीसरे पायदान पर काबिज है एसआरएच
वहीं एसआरएच की टीम मौजूदा समय में तीसरे स्थान पर काबिज है. टूर्नामेंट में एसआरएच ने अबतक कुल 13 मैच खेले हैं. इस दौरान उसे आठ मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि पांच मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. टीम के खाते में कुल 16 अंक (+0.350) हैं.
आरसीबी के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करना एसआरएच के लिए मुश्किल!
वसीम जाफर का मानना है कि आरसीबी के खिलाफ एसआरएच के लिए बड़े अंतर से जीत हासिल करना काफी मुश्किल होगा. इसलिए जीटी के शीर्ष दो में रहने और पहले क्वालीफायर में खेलने की प्रबल संभावना है.
उन्होंने कहा, 'आरसीबी के खिलाफ इतने बड़े अंतर से जीत हासिल करना एसआरएच के लिए बहुत मुश्किल होगा. मुझे लगता है कि सबसे पहले उन्हें शीर्ष टीम को हराना होगा और प्लेऑफ में जाने से पहले लय बनाए रखनी होगी. वे जोश हेजलवुड को आराम दे सकते हैं. लेकिन मुझे लगता है कि यह मुकाबला आरसीबी की गेंदबाजी और एसआरएच के बल्लेबाजों के बीच होगा. अभिषेक और हेड के खिलाफ भुवी के लिए भी यह एक बड़ी परीक्षा होगी.'
यह भी पढ़ें- गिल ने फिर जीता फैंस का दिल, CSK का खेल खत्म, अब 1 सीट के लिए 4 मैच और 4 दावेदार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं