- गुरुग्राम में बीती रात पुलिस ने मुठभेड़ में 4 बदमाशों को ढेर किया. ये सभी बदमाश कारोबारी को धमकाने पहुंचे थे.
- मुठभेड़ के मारे गए बदमाश दीपक नांदल गैंग के बताए जाते हैं, जो खुद विदेश में छिपकर बैठा है.
- गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में हुए इस एनकाउंटर में करीब 60 राउंड गोलियां चली.
Gurugram Encounter: गुरुवार को दिल्ली-NCR में हुए मूसलाधार बारिश से गुरुग्राम के कई इलाकों में सैलाब सा नजारा बन गया था. भारी मशक्कत के बाद लोग जैसे-तैसे अपने घर पहुंचे. अभी बहुत लोग रास्ते में ही थे, तभी गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 इलाके में अचानक गोलियों की गूंज सुनाई देने लगी. जिससे वहां रहने वाले लोग दहशत में आ गए. एक-एक कर वहां करीब 60 राउंड फायरिंग हुई. इस फायरिंग के बाद पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर में दीपक नांदल गैंग के 4 बदमाशों को ढेर किया गया. पुलिस और बदमाशों के बीच चली इस मुठभेड़ में पुलिस के तीन जवान घायल भी हुए. रात 9.30 बजे से शुरू हुए इस एनकाउंटर के कारण गुरुग्राम का सुशांत लोक फेज-2 इलाका कुछ देर तक रणक्षेत्र बना रहा.
SGT यूनिवर्सिटी के बेटे के घर पर फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 इलाके में ये बदमाश फिरौती की मांग को लेकर SGT यूनिवर्सिटी के फाउंडर के बेटे के घर पर फायरिंग करने आए थे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुशांत लोक ब्लॉक-A में प्रॉपर्टी डीलर विशाल बेरी का घर है. बदमाशों ने विशाल बेरी को उन्हीं के घर में बंधक बनाया था. विशाल के पिता गुरुग्राम की SGT यूनिवर्सिटी के संस्थापक है. विशाल बेरी को विदेश में बैठे एक वांछित गैंगस्टर की ओर से लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं, जिसके चलते वह हमलावरों के निशाने पर था.

9.30 बजे शुरू हुई मुठभेड़, 60 राउंड फायरिंग
पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ गुरुवार रात करीब 9:30 बजे हुई. दोनों पक्षों के बीच करीब 60 राउंड फायरिंग हुई. घटनास्थल से पांच विदेशी पिस्टल बरामद की गई हैं. पुलिस का कहना है कि बदमाश अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल कर रहे थे.

घटनास्थल से बरामद बदमाशों के अत्याधुनिक पिस्टल.
Photo Credit: NDTV
स्कॉर्पियो में हथियारबंद बदमाशों के घूमने की मिली थी जानकारी
NDTV से बातचीत में DCP क्राइम ब्रांच ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि सुशांत लोक क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में कुछ हथियारबंद लोग घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीमों के पहुंचने तक संदिग्ध आरोपी कथित तौर पर एक कारोबारी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर चुके थे.
#WATCH | Gurugram, Haryana: Visuals from Sushant Lok in Gurugram where four shooters of the foreign-based Deepak Nandal gang were killed and one was injured during a police encounter.
— ANI (@ANI) July 10, 2026
The miscreants had arrived to open fire at the residence of SGT University founder's son over… pic.twitter.com/nOsa9J1Jhh
पुलिस ने सरेंडर करने को कहा तो शुरू हुई मुठभेड़
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टीमों ने आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया और कई बार आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार होने की कोशिश की. इसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. मुठभेड़ के दौरान सभी पांचों कथित शूटर गोली लगने से घायल हो गए. उन्हें तत्काल एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार आरोपियों को मृत घोषित कर दिया. पांचवां आरोपी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है.
मृत बदमाशों की जुटाई जा रही पहचान
घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम यूनिट, फॉरेंसिक और अन्य जांच एजेंसियों की टीमों ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया तथा फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए.पुलिस ने बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है. मृत और घायल आरोपियों की पहचान, उनके आपराधिक रिकॉर्ड तथा घटनास्थल से बरामद हथियारों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें - गुरुग्राम में पुलिस एनकाउंटर में 4 अपराधी ढेर, 1 घायल; 3 पुलिसकर्मी भी घायल
यह भी पढ़ें - कौन हैं विदेश में बैठा गैंगस्टर दीपक नांदल, लॉरेंस विश्नोई-गोल्डी बरार जैसा गैंग, निशाने पर बिल्डर, सेलेब्रिटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं