विज्ञापन

CJP प्रोटेस्ट में घुसने वाले थे आतंकी, गर्लफ्रेंड के इंस्टाग्राम से STF ने दबोचा, शुभेंदु भी थे निशाने पर

जैश के संदिग्ध आतंकी हमीम की गर्लफ्रेंड अर्पिता को झारखंड से गिरफ्तार किया गया. आरोप है कि दोनों राज्य के मंत्री उमेश राय के बेटे को हनीट्रैप में फंसाकर फिरौती वसूलने की साजिश रच रहे थे. इसी केस की जांच के दौरान STF को हमीम की शातिर चाल का पता चला.

बंगाल STF की गिरफ्त में संदिग्ध आतंकवादी हमीम मंडल और उसकी गर्लफ्रेंड.
NDTV
  • हमीम मंडल से पूछताछ के दौरान, STF को बंगाल में JeM आतंकी संगठन के कई हैंडलर्स से उसके कनेक्शन का पता चला.
  • झारखंड से उसकी गर्लफ्रेंड को भी गिरफ्तार किया गया है. अदालत ने उसे 14 दिन की STF कस्टडी में भेज दिया है.
  • हमीम के WhatsApp से पाक से जुड़े होने के संकेत भी मिले. STF ने UK और मैक्सिको में इंटरनेशनल सिम भी बरामद किए.
कोलकाता/रांची:

दो दिन पहले बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकवादी हमीम मंडल जंतर-मंतर प्रदर्शन में घुसने वाला था. हमीम फिलहाल बंगाल STF की हिरासत में है. उससे पूछताछ के बाद STF ने झारखंड के साहिबगंज से उसकी कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को भी गिरफ्तार किया है. इन दोनों से पूछताछ में बेहद खतरनाक मंसूबों की कहानी सामने आई है. गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल बंगाल सीएम शुभेंदु अधिकारी को निशाना बनाने के साथ-साथ हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए प्रदर्शन में घुसपैठ करने की साजिश रच रहा था.  

हमीम मंडल पर STF की नजर तब गई, जब हनीट्रैप से जुड़े एक मामले की जांच में टीम उसकी कथित गर्लफ्रेंड के इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगाल रही थी. 

पुलिस की वर्दी पहन CJP प्रोटेस्ट में घुसने की थी साजिशः IG

हमीम की खरतनाक साजिशों के बारे में STF के इंस्पेक्टर जनरल गौरव शर्मा ने कहा कि हमीम के पाकिस्तान में बैठे हैंडलर चाहते थे कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन स्थल में घुसे और अशांति फैलाए. 

उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "पाकिस्तानी हैंडलरों ने हमीम मंडल से कहा था कि वह पुलिस की वर्दी पहनकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हो और गड़बड़ी फैलाए." इसके अलावा, STF के अनुसार, हमीम को मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नजर रखने का काम भी सौंपा गया था.

Latest and Breaking News on NDTV

बिना सुरक्षा कहां-कहां रहते शुभेंदु, पता कर रहा था हमीम

आईजी शर्मा ने कहा, "मुख्यमंत्री भी उन लोगों में शामिल थे जिन्हें निशाना बनाया जाना था." सीनियर अधिकारी ने आगे बताया, "हमीम को उन जगहों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए कहा गया था जहाँ मुख्यमंत्री बिना सुरक्षा के हो सकते थे." मंडल से पूछताछ के दौरान, STF को पश्चिम बंगाल में JeM आतंकी संगठन के कई हैंडलर्स से उसके कनेक्शन का पता चला. अदालत ने उसे 14 दिन की STF कस्टडी में भेज दिया है.

झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार हुई गर्लफ्रेंड अर्पिता

शुक्रवार को झारखंड से उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को भी गिरफ्तार किया गया. आरोप है कि दोनों राज्य के मंत्री उमेश राय के बेटे को हनीट्रैप में फंसाकर अगवा करने और उनके परिवार से फिरौती वसूलने की साजिश रच रहे थे.

Latest and Breaking News on NDTV

शहजाद भट्टी गैंग से कनेक्शन, VIP को हनी ट्रैप में फंसाते थे 

एक अधिकारी ने बताया कि वे शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े पाकिस्तानी हैंडलर्स के कहने पर काम कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि सरकार ने जानकारी हासिल करने के लिए राजनेताओं समेत कई जाने-माने लोगों को कथित तौर पर हनी-ट्रैप में फंसाया और वह जानकारी हमीम को दी. 

UK, मैक्सिको के इंटरनेशनल सिम भी मिले

हमीम के WhatsApp चैट से पाकिस्तान से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं. STF ने उनसे UK और मैक्सिको में जारी किए गए इंटरनेशनल सिम कार्ड भी बरामद किए हैं. एजेंसी को शक है कि उन्होंने इन सिम कार्ड का इस्तेमाल अपने हैंडलर्स और स्लीपर सेल्स के साथ एन्क्रिप्टेड बातचीत के लिए किया था.

मोबाइल फोन और सोशल मीडिया हिस्ट्री से खुले राज

उसके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया हिस्ट्री की जांच के दौरान, STF को यह भी पता चला है कि पाकिस्तान में मौजूद अपने साथियों के लिए काम शुरू करने से पहले ही मंडल सोशल मीडिया के ज़रिए कट्टरपंथी बन गया था.

माना जा रहा है कि 'राना', 'उजैर', 'आबिद जट्ट 333' और 'हमाद' शहजाद भट्टी गैंग के हैंडलर हैं. यह गैंग कथित तौर पर कट्टरपंथ फैलाने, आतंकी गतिविधियों के लिए लोगों को भर्ती करने और नार्को-टेरर (नशीले पदार्थों के जरिए आतंकवाद) जैसी गतिविधियों में शामिल है.

इंस्टाग्राम पर मिले हमीम और अर्पिता, 4 साल से रिलेशन में थे

मंडल और सरकार की मुलाकात सबसे पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी और वे चार साल से रिलेशनशिप में थे. STF ने हनीट्रैप मामले की जांच के दौरान सबसे पहले अर्पिता सरकार के सोशल मीडिया अकाउंट पर ध्यान दिया, जिससे वो हमीम मंडल तक पहुंच मिले.

अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी टीम

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजेंसी अब आतंकी नेटवर्क के पूरे दायरे का पता लगाने और मॉड्यूल के अन्य सदस्यों व उनके सीमा-पार संपर्कों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ज़्यादा जानकारी का खुलासा नहीं किया जा सकता. साहिबगंज से गिरफ्तार हमीम की कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को बर्दवान ले जाकर अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी.

यह भी पढ़ें - ISI की शह पर बंगाल में नेताओं-VIPs को 'हनी ट्रैप' की साजिश, आरोपी महिला झारखंड से गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaish-e-Mohammed, Bengal Stf, Shubhendu Adhikari, Jantar Mantar, Jantar Mantar Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com