विज्ञापन

वीडियो कॉल से होती थी डील, ग्रेटर नोएडा में ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, नाइजीरियाई नागरिक समेत 3 गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 143 ग्राम एमडीएमए के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल है, जिसकी भारत में वैध मौजूदगी की जांच की जा रही है.

वीडियो कॉल से होती थी डील, ग्रेटर नोएडा में ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, नाइजीरियाई नागरिक समेत 3 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने किया ड्रग रैकेट का पर्दाफाश
NDTV
  • ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 143 ग्राम क्रिस्टल एमडीएमए के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है
  • गिरफ्तार आरोपियों में एक नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल है, जो बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहा था
  • आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, नकदी और ड्रग तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की गई है

ग्रेटर नोएडा स्थित बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है. पुलिस ने 143 ग्राम क्रिस्टल एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल है, जो बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रहने के संदेह में विदेशी अधिनियम के तहत भी कार्रवाई का सामना कर रहा है. 

पुलिस ने ड्रग्स और नकदी की बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी और नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 17,500 रुपये भी बरामद किए हैं. बरामद ड्रग की कीमत करीब 15 लाख रुपये है. गिरफ्तार नाइजीरियन आरोपी 2025 में दिल्ली से जेल जा चुका है. आरोपी दिल्ली से गिरोह के माध्यम से ड्रग लाता था. आरोपी ऑनलाइन तरीके ड्रग की तस्करी करता था और ड्रग की तस्करी से पहले वीडियो कॉल करता था. ड्रग खरीदने वाले से कहता था कि पहले आसपास की जगह वीडियो कॉल के जरिए दिखाए. तसल्ली होने के बाद अपने आदमी को भेजकर ड्रग की सप्लाई करता था. आरोपी नाइजीरियन के वीजा के बारे में जांच की जा रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस कैसे आरोपियों तक पहुंची?

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निगम ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जनता फ्लैट सोसायटी सेक्टर चाई-4 के पीछे सर्विस रोड पर तीन व्यक्ति बड़ी मात्रा में एमडीएमए बेचने के उद्देश्य से घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को स्कूटी सहित पकड़ लिया.

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एमडीएमए बेचने के लिए मौके पर खड़े थे. पुलिस ने नियमानुसार उन्हें एनडीपीएस अधिनियम की धारा 50 के तहत उनके अधिकारों की जानकारी दी और तलाशी की प्रक्रिया पूरी की. तलाशी के दौरान तीनों के पास से अलग-अलग मात्रा में एमडीएमए बरामद हुई.

पुलिस के मुताबिक पहले आरोपी अरुण कसाना निवासी विजयनगर गाजियाबाद के कब्जे से 35 ग्राम एमडीएमए, एक इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल तराजू और 17,500 रुपये नकद बरामद हुए. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह रकम नशीले पदार्थ बेचकर अर्जित की गई थी. दूसरे आरोपी अतुल सिंह निवासी संपूर्णम सोसायटी बिसरख से 38 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई.

नाइजीरियन नागरिक भी गिरफ्तार

तीसरा आरोपी नाइजीरिया का नागरिक चिडुबेम स्टेनली है, जो वर्तमान में दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में रह रहा था. उसकी तलाशी में 70 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई. पूछताछ के दौरान वह अपना पासपोर्ट अथवा भारत में वैध रूप से रहने संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी. उसकी वास्तविक पहचान और भारत में निवास संबंधी जानकारी की पुष्टि के लिए स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) सहित अन्य एजेंसियों को भी सूचित किया गया है.

पुलिस ने मौके पर बरामद मादक पदार्थ का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया. तीनों आरोपियों से कुल 143 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई. नियमानुसार प्रत्येक आरोपी से बरामद मादक पदार्थ में से पांच-पांच ग्राम सैंपल सुरक्षित कर सील किया गया, जबकि शेष मात्रा को अलग-अलग सील कर विधिक कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखा गया. बरामद नकदी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू को भी सील कर कब्जे में लिया गया.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद मैट ब्लैक रंग की स्कूटी की भी तलाशी ली. स्कूटी की डिग्गी में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, लेकिन वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत स्कूटी को सीज कर दिया. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा तथा विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद एमडीएमए की खेप कहां से लाई गई थी और इसे ग्रेटर नोएडा, नोएडा अथवा दिल्ली-एनसीआर के किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था. आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके.

यह भी पढ़ें: महिला ने ऐसी जगह छिपाई ड्रग्‍स, पुलिस के उड़ गए होश... केरल पुलिस ने 7 ड्रग तस्‍करों को किया गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Drug, Drug Gang, Drug Gangs, Noida News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com