- गोरखपुर में 1087 करोड़ रुपये की लागत से वर्ल्ड लेवल कन्वेंशन सेंटर बनाया जा रहा है
- यह कन्वेंशन सेंटर तीन मंजिला होगा और इसमें पांच हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी
- कन्वेंशन सेंटर में बैंक्वेट हॉल, ऑडिटोरियम, 12 मीटिंग हॉल, लाइब्रेरी, मल्टीप्लेक्स और शॉपिंग मॉल होंगे
गोरखपुर में वर्ल्ड लेवल कन्वेंशन सेंटर बनाने का काम लगातार जारी है. यह उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटर्स में से एक है. यह कन्वेंशन सेंटर जब बनकर तैयार होगा तो कैसा लगेगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. दरअसल इसका एक 3D वॉकथ्रू सामने आया है, जिसमें कॉन्फ्रेंस हॉल से लेकर हर एक जगह को दिखाया गया है. देखने में ये वाकई शानदार लग रहा है. यह इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर गोरखपुर में रामगढ़ताल और चंपा देवी पार्क के पास करीब 25 एकड़ जमीन पर विकसित किया जा रहा है. यह एक मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है.
1087 करोड़ की लागत से बन रहा कन्वेंशन सेंटर
इस कन्वेंशन सेंटर को 1 हजार 87 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है. दिसंबर 2027 तक इसके पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है. खास बात यह है कि इसकी शेप पीपल के पत्ते जैसी होगी. तीन मंजिला इस इमारत में एक साथ 5,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी.

कन्वेंशन सेंटर में क्या-क्या सुविधाएं
- गोरखपुर कन्वेंशन सेंटर तीन मंजिला होगा
- इसमें दो बेसमेंट पार्किंग की सुविधा होगी
- इसमें 12 मीटिंग हॉल बनाए जा रहे हैं
- 1 बैंक्वेट हॉल, 2 ऑडिटोरियम और लाइब्रेरी भी बनेंगी
- यूपी वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और 304 रूम वाला पांच सितारा होटल बनेगा
- इसमें 5 स्क्रीन वाला मल्टीप्लेक्स, शॉपिंग मॉल, फूड कोर्ट और गेम जोन भी होगा
- एलीट क्लब और यूपी सांस्कृतिक हाट बनेगा, जिसमें पारंपरिक दुकानें होंगी

दिसंबर 2027 तक पूरा होने का लक्ष्य
बता दें कि इस कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास सीएम योगी आदित्यनाथ ने 6 अप्रैल 2025 में किया था. दिसंबर 2027 तक इसके पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है. इस प्रोजेक्ट का मकसद पूर्वी UP में बिजनेस, ट्रेड और ग्लोबल इवेंट्स को बढ़ावा देना है. इसके बनने से गोरखपुर ग्लोबल लेवल पर आगे बढ़ेगा.

कन्वेंशन सेंटर को इस तरह से बनाया जा रहा है कि इसे अलग-अलग पार्ट्स में डिवाइड किया जा सके. इसमें जो गेस्ट रूम बनाए जा रहे हैं, उनमें हर एक में 120 लोगों के एक साथ बैठने की सुविधा होगी. इसमें 4 मीटिंग हॉल भी बनाए जा रहे हैं, हर हॉल में एक साथ 100 लोगों के बैठने की सुविधा होगी. साथ ही आध्यात्मिक लाइब्रेरी का भी निर्माण किया जा रहा है.

150 कमरों वाला फाइव स्टार होटल भी बनेगा
इसमें 150 कमरों वाला फाइव स्टार होटल बनाया जा रहा है, इसमें 600 सदस्यों की क्षमता वाला 26 हजार 362 वर्ग फीट में एलीट क्लब बनाया जा रहा है. 150 लोगों की क्षमता वाला एक रेस्टोरेंट भी इसमें बनाया जाएगा. वहीं 5 हजार 600 वर्ग मीटर एरिये में उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक हाट बनाया जाएगा, जिसमें 40 दुकानें बनाई जा रही हैं.

गोरखपुर विकास प्राधिकरण के मुताबिक, वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर PPP मॉडल पर बनाया जा रहा है. इस सेंटर में 1,400 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी. सीएम योगी ने कहा था कि यहां एक ही छत के नीचे कई आयोजन किए जा सकेंगे. इसमें हाई लेवल पार्किंग सुविधा होगी. इसके बगल में एक मॉल बनेगा, जिसमें रेस्तरा के साथ एक सिनेमा हॉल भी होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं