विज्ञापन
This Article is From Jun 03, 2014

गूगल पर खोजने से बदायूं जैसी घटनाएं देश भर में मिलेंगी : अखिलेश यादव

गूगल पर खोजने से बदायूं जैसी घटनाएं देश भर में मिलेंगी : अखिलेश यादव
अखिलेश यादव की फाइल तस्वीर
लखनऊ:

बदायूं सामूहिक बलात्कार और हत्याकांड को लेकर कड़ी आलोचनाएं झेल रहे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा कि गूगल पर खोजने से पता चलेगा कि देश भर में इस तरह के अपराध हो रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सामने आ रहीं इस तरह की घटनाओं को लेकर मीडिया पर अधिक प्रचार करने का आरोप लगाया।

अखिलेश ने कैबिनेट की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, जब इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो उनका बहुत प्रचार किया जाता है। इस तरह की घटनाएं केवल उत्तर प्रदेश में नहीं घटतीं और अगर मैं आपको देश भर का आकंड़ा दूं, तो आप मुझसे फिर सवाल पूछेंगे। उन्होंने कहा, गूगल का जमाना है। अगर आप ऑनलाइन जाकर देखेंगे, तो पता चलेगा कि कहां-कहां इस तरह की घटनाएं होती हैं।

मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि क्या राष्ट्रीय मीडिया ने बेंगलुरु में घटी बदायूं जैसी ही घटना को इस तरह दिखाया। उन्होंने कहा, बेंगलुरु में घटना हुई, क्या वह चैनलों पर दिखी... मध्य प्रदेश में लगातार घटना हो रही है। मुझे जानकारी मिली कि वहां के बड़े मंत्री के परिवार की सदस्य की चेन उनके घर के पास ही खींच ली गई। राजस्थान की हालत आपके सामने है। सिर्फ उत्तर प्रदेश ही जानबूझकर दिखाई दे रहा है।

अखिलेश ने कहा, बदायूं की घटना या प्रदेश में कोई घटना अगर हुई है, तो हमने कड़ी कार्रवाई की है। बदायूं में हम जो-जो कदम उठा सकते थे, उठाए। सीबीआई की जांच होगी। प्रदेश में कहीं भी कोई घटना हुई, तो उसमें कार्रवाई की गई है।

कुछ दिन पहले कानपुर में जब अखिलेश से एक संवाददाता ने बदायूं मामले का जिक्र करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल किया था, तो मुख्यमंत्री ने जवाब दिया था, आपको तो खतरा नहीं है। जब पत्रकार ने 'नहीं' में जवाब दिया, तो अखिलेश की प्रतिक्रिया थी, धन्यवाद। आपको इसका प्रचार करना चाहिए।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बदायूं गैंगरेप, अखिलेश यादव, उत्तर प्रदेश में अपराध, उत्तर प्रदेश गैंगरेप, उत्तर प्रदेश सरकार, Badaun Gangrape, Akhilesh Yadav, Gangrape In Uttar Pradesh, UP Government