- योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक करोड़ से अधिक हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर सूची से गायब हैं
- योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 66 लाख मतदाता पंचायत चुनाव सूची में हैं, लेकिन लोकसभा और विधानसभा सूची में नहीं हैं
- उन्होंने बताया कि 55 लाख लोग सरकारी योजनाओं के लाभार्थी हैं, लेकिन वोटर सूची में उनका नाम शामिल नहीं है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों सवाल उठाया था कि SIR में एक करोड़ से ज्यादा हिंदू वोटरों के नाम कटे हैं. उन्होंने कहा था कि आखिर क्या वजह है कि जिन लोगों के नाम पंचायत चुनावों की सूची में हैं, उनके नाम लोकसभा और विधानसभा की लिस्ट में क्यों नहीं हैं. इसके अलावा उनका सवाल था कि 50 लाख से ज्यादा ऐसे लोग हैं, जो सरकारी योजनाओं के लाभार्थी तो हैं, लेकिन वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है. अब इस मामले में अखिलेश यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ने की सलाह दी है.
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, 'चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग है. आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए. काग़ज़ या प्लास्टिक की जगह ‘मेटल कार्ड' बनाए जाएं जिससे नक़ली न बन सकें. उंगलियों के निशान या आंख से होने वाली बायोमेट्रिक्स पहचान को अपनाया जाए क्योंकि ये किसी दो व्यक्ति के समान नहीं होते हैं. इसीलिए भाजपा नक़ली वोटिंग नहीं करा पाएगी.' वह पहले भी कह चुके हैं कि आधार कार्ड से वोटिंग को जोड़ दिया जाए. इसके अलावा एसआईआर पर भी वह सवाल उठाते रहे हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलनों में भी वह हिस्सा लेते रहे हैं.
योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में कहा था, 'इलेक्शन कमिशन में हम लोगों ने अपना मेमोरेंडम दिया था. मैं 1 करोड़ 27 लाख उन हिंदू मतदाताओं के बारे में बात कर रहा हूं, जिनके नाम सूची में नहीं हैं. 66 लाख के करीब मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की सूची में हैं. लेकिन विधानसभा और लोकसभा की लिस्ट में उनके नाम नहीं हैं. इसी तरह 55 लाख लोग ऐसे हैं, जो सरकारी योजनाओं का लाभ तो ले रहे हैं. लेकिन मतदाता सूची से बाहर हैं.' उन्होंने कहा कि 18 से 19 साल के ऐसे साढ़े 4 लाख मतदाता हैं, जिनके नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं. यही नहीं उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को तो SIR ही वापस लेनी की मांग करनी चाहिए, लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं