कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के संस्मरणों की 544 पेज की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' मंगलवार को बाजार में आई. इस किताब में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के कई रहस्यों से पर्दा उठाया है और कई नई जानकारियां दी हैं. उनकी यह किताब राजीव गांधी से प्रेम संबंध, भारत और गांधी परिवार से जुड़े अनुभवों पर आधारित है. इस किताब में उन्होंने एक घटना का जिक्र कर बताया है कि 1977 के आम चुनाव में कांग्रेस को मिली हार का असर उनके परिवार पर कितना पड़ा था. उन्होंने बताया है कि इस हार के बाद आयोजित राहुल गांधी के सातवें जन्मदिन की पार्टी में उनका केवल एक दोस्त आया था.
राहुल गांधी के जन्मदिन पर उनके दोस्त क्यों नहीं आए
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में लिखा है,''19 जून को राहुल के जन्मदिन तक हम अपने नए घर (12, विलिंगडन क्रिसेंट) में पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो पाए थे, लेकिन मैंने तय कर लिया था कि उनके जन्मदिन पर एक छोटी-सी पार्टी जरूर आयोजित करुंगी. राहुल ने मुझे अपने उन दोस्तों की सूची दी थी, जो पहले भी उसके जन्मदिन की पार्टियों में शामिल होते रहे थे.''
सोनिया के मुताबिक, जन्मदिन की तैयारियों में प्रियंका गांधी भी उत्साह से जुटी थीं. वह अपने भाई की मदद से कुर्सी पर चढ़कर बरामदे के दरवाजों पर गुब्बारे लगा रही थीं. घर को रंगीन झालरों और गुब्बारों से सजाया गया था. मेहमानों के लिए घर पर बने केक, नाश्ते और आलू के चिप्स की व्यवस्था की गई थी. उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी के पास बंगाल में मिट्टी से बने ऐसे खिलौनों का संग्रह था, जिनमें कीड़े, छिपकलियां और मक्खियों की आकृतियां थीं. वह इन खिलौनों को बच्चों की प्लेटों में रखकर उन्हें चौंकाना चाहती थीं.
सोनिया ने लिखा है कि मेहमानों का इंतजार करते हुए समय बीतता गया और राहुल का केवल एक दोस्त सिद्धार्थ आया. उन्होंने लिखा कि शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद निमंत्रण को लेकर कोई गलतफहमी हुई है, इसलिए उन्होंने एक-एक कर बच्चों के माता-पिता को फोन किया लेकिन उनके जवाब टालमटोल वाले थे.

इंदिरा गांधी की सरकार ने 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लागू किया था.
Photo Credit: PTI
उन्होंने लिखा कि तब उन्हें एहसास हुआ कि कोई और बच्चा नहीं आने वाला है.सात साल के बच्चे और उसके सहपाठियों के बीच का सहज रिश्ता राजनीति से दूषित हो गया थ. उनके मुताबिक, राहुल इस घटना से बेहद आहत हुए. परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की और केक काटा, लेकिन समारोह में उत्साह नहीं था. सोनिया गांधी ने लिखा है कि बाद में उनके पति राजीव गांधी ने राहुल को अपने पास बैठाकर समझाने की कोशिश की और कहा,''राहुल, इसमें तुम्हारे दोस्तों की कोई गलती नहीं है. उनसे नाराज मत हो.'' सोनिया के मुताबिक, राजीव ने राहुल से कहा,''हो सकता है कि उनके माता-पिता तुम्हारे परिवार से दोस्ती रखने से डरते हों. कुछ लोग सरकार से डरते हैं.''
प्रियंका गांधी को स्कूल में सहने पड़े ताने
सोनिया गांधी ने यह भी बताया है कि राजनीतिक उथल-पुथल का असर बच्चों पर किस तरह से पड़ रहा था. स्कूल में उनके क्लासमेट इंदिरा गांधी और संजय गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे, इससे बच्चे परेशान होकर घर लौटते थे. उन्होंने प्रियंका से जुड़ी एक घटना का भी जिक्र किया, जब स्कूल में एक लड़के की टिप्पणी से वह रो पड़ी थीं. हालांकि, प्रियंका ने मां से उस लड़के के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया, क्योंकि शिक्षक उसे पहले ही डांट चुके थे.
इंदिरा गांधी की सरकार ने 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लागू किया था. जनवरी 1977 में चुनाव की घोषणा के बाद 16 मार्च को हुए लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी और संजय गांधी को हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद 21 मार्च 1977 को आपातकाल खत्म हो गया था.\
ये भी पढ़ें: 'हम जानते थे कि इस जगह कैमरा हम पर नहीं होगा', ख्वाजा की किताब में सामने और हैरतअंगेज खुलासे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं