- हैदराबाद एयरपोर्ट पर दो यात्रियों को जींस में छिपाकर सोने की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया
- यात्रियों ने सोने को पेस्ट को बेल्ट वाली जगह पर छुपाया था, जिसे कस्टम अधिकारियों ने पकड़ लिया
- सोने का वजन 2.271 किलो था और इसकी बाजार कीमत लगभग 3.36 करोड़ रुपये आंकी गई है
विदेश से सोना लाने के लिए लोग ऐसे-ऐसे पैतरे अपनाते हैं कि जांच टीमें भी हैरान रह जाएं. हालांकि फिर भी ये शातिर कस्टम विभाग की नजरों से बच नहीं पाते. विदेश सोना छिपाकार लाने की ऐसी ही एक कोशिश हैदराबाद कस्टम विभाग ने नाकाम कर दी. मामला राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट RGI का है. यहां पर दो यात्री सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं. ये लोग 3.36 करोड़ रुपये का गोल्ड पेस्ट जींस में छिपाकर ला रहे थे.
सूत्रों के मुताबिक, कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने 'एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम' (APIS) से मिली सटीक जानकारी और 'डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस' (DRI) से मिली सूचनाओं के आधार पर कुआलालंपुर से हैदराबाद दोनों भारतीय यात्रियों को तलाशी के लिए रोक लिया.
जींस में छिपाया सोने का पेस्ट
दोनों की जब अच्छी तरह से तलाशी ली गई तो अधिकारियों को कपड़ों में कुछ गड़बड़ी दिखी. उन्होंने जब बारीकी से जांच की तो सोने को छिपाने का बहुत ही शातिर तरीका सामने आया. यात्रियों ने जांच से बचने के लिए सोने का पेस्ट बनाकर उसे खास तौर पर सिले गए पाउच में भरा. फिर उन पर सफेद रंग की सेलोफेन टेप अच्छी तरह चिपकाई.
बेल्ट वाली जगह पर छिपाया 2 किलो से ज्यादा सोना
इन पाउच को दोनों यात्रियों ने अपनी जींस की पैंट की बेल्ट वाली जगह पर अंदर बहुत ही चालाकी से छिपा लिया. सोना पेस्ट के रूप में होने की वजह से अधिकारियों ने मदद के लिए एक स्थानीय सुनार को बुलाया. उसके बाद शुद्ध सोने को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. निकाले गए सोने की जांच सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एक वैल्यूअर ने की. उसने बताया कि 24 कैरेट सोने का वजन 2.271 किलो है. बाजार में इसकी कीमत करीब 3.36 करोड़ रुपये है.

दो यात्री गिरफ्तार, मुख्य तस्कर की तलाश
सोना जब्त करने के बाद दोनों यात्रियों को कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया. हैदराबाद कस्टम्स अब इनके पीछे काम करने वाले संभावित तस्करी गिरोहों का पता लगाने के लिए जांच कर रहा है. यह घटना 24 जून की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं