उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में एक शख्स के धक्का देने छत से गिरकर लड़की की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, लड़की का पीछा करने के आरोपी शख्स ने कथित तौर पर उसे एक इमारत की चौथी मंजिल से नीचे धकेल दिया. पुलिस ने आरोपी शाहनवाज (30) को गिरफ्तार कर लिया है और FIR में हत्या का आरोप भी जोड़ा है.
यह वारदात 15 जुलाई की रात को भावापुर गांव में हुई. पीड़िता के परिवार के मुताबिक, किशोरी रात करीब 10 बजे पास की दुकान से दूध लेने के लिए बाहर निकली थी, तभी शाहनवाज ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया. इसके बाद, उसे एक इमारत की चौथी मंजिल पर ले गया और नीचे धकेल दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद लड़की को दिल्ली के GTB अस्पताल ले जाया गया. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मृतका की मां ने क्या बताया?
नाबालिग लड़की की मांं मंजू ने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ हफ्तों से आरोपी मेरी बेटी का पीछा कर रहा था. उन्होंने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले दोनों के बीच कहा-सुनी हुई थी, जिसमें उनकी बेटी ने शाहनवाज को थप्पड़ मारा था.
ये भी पढ़ें: लिफ्ट बनी बॉक्सिंग रिंग! गाजियाबाद सोसाइटी में दो लोगों के बीच खूब चले लात-घूसे, VIDEO वायरल
पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी 15 जुलाई को रात 11 बजे इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 112 से मिली. इसके बाद, कौशांबी पुलिस स्टेशन से तुरंत एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल लड़की को हॉस्पिटल भेजा गया.
हालांकि, पूछताछ के दौरान शहनवाज ने आरोपों से इनकार किया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया है कि उसने लड़की को धक्का नहीं दिया. उसने कहा कि लड़की चौथी मंजिल पर खुद गई थी, उस वक्त वह ग्राउंड फ्लोर पर ही मौजूद था. उसने आगे दावा किया कि छत से गिरने से पहले लड़की ने उसे कोल्ड ड्रिंक लाने के लिए आवाज लगाई थी. पीड़ित परिवार की तरफ से लगाए गए आरोपों और आरोपी के दावों से जुड़े सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है. कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं