- हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली
- गगनजोत संधू की आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है और वे घटना के समय अकेले थे
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है
हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली. उन्होंने पंजाब के रूपनगर जिले स्थित पुरखाली गांव के अपने ककोट फार्म हाउस में खुद को गोली मार ली. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. बताया जा रहा है कि गगनजोत शुक्रवार सुबह ही रूपनगर पहुंचे थे और फार्म हाउस में अकेले थे.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच के बाद फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. गगनजोत संधू के शव को रूपनगर के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा. रूपनगर सदर थाने के एसएचओ सनी खन्ना ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
गुमथला गढ़ू गांव से दो बार रहे थे सरपंच
गगनजोत संधू कुरुक्षेत्र के गुमथला गढ़ू गांव से दो बार सरपंच रह चुके थे. उनके पिता स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू हरियाणा की राजनीति में सक्रिय थे और चार बार विधायक चुने गए थे. ओम प्रकाश चौटाला की सरकार के दौरान उन्हें मंत्री बनाया गया था. वर्ष 2019 में उनका निधन हो गया था.
ये भी पढ़ें- दिव्यांग से दिनदहाड़े पर्स छीनकर भागे लुटेरे, व्हीलचेयर पर किया पीछा; CCTV में कैद घटना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं