विज्ञापन

FSSAI की सख्ती के आगे झुकीं बड़ी कंपनियां, पैकेट और विज्ञापनों से हटाया '100%' का दावा

FSSAI की कार्रवाई के बाद Bonn, Zandu Honey, Amway, Juza Foods और Masterchow समेत कई कंपनियों ने अपने उत्पादों से '100% Pure', '100% Natural' और ऐसे अन्य भ्रामक दावे हटाने शुरू कर दिए हैं.

FSSAI की सख्ती के आगे झुकीं बड़ी कंपनियां, पैकेट और विज्ञापनों से हटाया '100%' का दावा
FSSAI ने साफ किया है कि बिना वैज्ञानिक आधार और मंजूरी के ऐसे दावे ग्राहकों को गुमराह करते हैं.
NDTV
नई दिल्ली:

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की सख्त कार्रवाई के बाद आखिरकार देश की पांच बड़ी फूड कंपनियों को झुकना पड़ा है. खाने-पीने की चीजों के विज्ञापनों और पैकेट पर '100%' का भ्रामक दावा करने वाली इन कंपनियों ने अब अपने लेबल और विज्ञापनों से इसे चुपचाप हटाना शुरू कर दिया है. 

FSSAI का मानना है कि किसी भी उत्पाद को '100% शुद्ध' या '100% नेचुरल' बताना सीधे-सीधे ग्राहकों की आंखों में धूल झोंकने जैसा है. सख्त हिदायत के बाद इन कंपनियों ने अपनी गलती मानते हुए विज्ञापनों में बदलाव किया है और अपने पुराने पैकेट्स का स्टॉक वापस ले रही हैं.

इन कंपनियों पर चला FSSAI का चाबुक

Bonn Biscuits Pvt. Ltd.

कंपनी अपने 'Bonn Cummin Flavor Jeera Bite Biscuits' के विज्ञापन में '100%' होने का दावा कर रही थी. नियामक के ऐतराज जताने के बाद कंपनी ने इसे विज्ञापन से हटा लिया है.

Apis India Ltd. और Emami Ltd.

बाजार में मिलने वाले मशहूर 'Zandu Honey' के डिब्बे पर '100% Honey' लिखा जा रहा था. FSSAI के सख्ती के बाद अब इस दावे को वापस ले लिया गया है.

Amway India Enterprises Pvt. Ltd

कंपनी अपने 'Persona Coconut Oil' को '100% Pure Coconut Oil' बताकर बेच रही थी. कार्रवाई के तुरंत बाद कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट से यह दावा हटा दिया है. साथ ही पुराने स्टॉक को बाजार से खत्म किया जा रहा है और सितंबर-अक्टूबर 2026 तक नई पैकेजिंग वाले डिब्बे बाजार में उतारने की तैयारी है.

Juza Foods, Kerala

यह कंपनी बच्चों के खाने-पीने की चीजों पर '100% Ragi', '100% Vegan', '100% Kerala Banana Powder' और '100% Clean Ingredients' जैसे कई दावे कर रही थी. 

बिना जरूरी कागजी इजाजत और प्रमाण पत्र के '100% वीगन' लिखा जा रहा था. FSSAI के डंडे के बाद कंपनी ने अपनी गलतियां मान ली हैं और जब तक पूरी तरह सुधार नहीं हो जाता, तब तक के लिए अपनी ई-कॉमर्स वेबसाइट बंद कर दी है. 

कंपनी ने अब ई-कॉमर्स बिजनेस के लिए लाइसेंस में आवेदन किया है.

Masterchow Foods Pvt. Ltd.

इस ब्रांड के 'Ramen Noodles' के पैकेट पर '100% Natural' लिखा जा रहा था, जो FSSAI के तय मानकों पर पूरी तरह गलत पाया गया. कार्रवाई होते ही कंपनी ने अपने पैकेजिंग से '100%' का लेबल हटा दिया है.

FSSAI की इस कार्रवाई के बाद साफ हो गया है कि अब कंपनियां शब्दों का जाल बुनकर ग्राहकों को बेवकूफ नहीं बना सकतीं. आने वाले दिनों में नियामक पैकेजिंग नियमों को लेकर और अधिक सख्ती बरतने के मूड में है.

यह भी पढ़ें: देश में दूध का उत्‍पादन सिर्फ 248 मिलियन टन, खपत इससे कहीं ज्‍यादा, कैसे पूरी हो रही डिमांड? मामला मिलावट का है!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
FSSAI, FSSAI Action
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com