अक्सर हम बाजार से कोई भी खाने-पीने की चीज खरीदते वक्त उसके पैकेट पर लिखे बड़े-बड़े वादों पर आंख बंद करके भरोसा कर लेते हैं. पैकेट पर लिखा होता है शुगर फ्री (Sugar Free), हेल्दी (Healthy), वेगन (Vegan) या फिर बच्चों की सेहत के लिए सबसे फायदेमंद. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इनमें से कई दावे सिर्फ ग्राहकों को लुभाने का एक जरिया होते हैं? जी हां, अब देश की फूड सेफ्टी अथॉरिटी यानी FSSAI इन मामलों को लेकर बेहद सख्त हो गई है.
हाल ही में FSSAI ने कई बड़ी और छोटी फूड कंपनियों को उनके प्रोडक्ट पर किए जा रहे भ्रामक दावों, गलत लेबलिंग और गैर-मानक प्रोडक्ट को लेकर कड़े नोटिस जारी किए हैं. नोटिस मिलने के बाद कंपनियों में हड़कंप मच गया और कई ब्रांड्स ने अपने प्रोडक्ट के लेबल, पैकेजिंग और वेबसाइट में तुरंत बदलाव किए, साथ ही अपने कई बड़े दावे वापस भी ले लिए. आइए जानते हैं कि किस कंपनी पर क्या आपत्ति थी और उन्होंने क्या सफाई दी.
किन कंपनियों पर क्या आपत्ति थी?
1. आयोटा नैनोटेक्नोलॉजी- (IOTA Nanotechnology)
इस कंपनी के प्रोडक्ट को लेकर 'नॉन-स्टैंडर्डाइज्ड प्रोडक्ट्स' यानी तय मानकों पर खरे न उतरने की शिकायत सामने आई थी. मामला तूल पकड़ते ही कंपनी ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि उसने सभी भ्रामक दावों को हटा लिया है और साथ ही गैर-मानक पानी का प्रोडक्शन भी रोक दिया है.
2. पंचामृत इंडस्ट्रीज- (Panchamrutha Industries)
यह पूरा मामला एक इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक (Electrolyte Drink) से जुड़ा हुआ था. FSSAI की सख्त कार्रवाई के बाद कंपनी ने बिना देर किए इस विवादित प्रोडक्ट को अपनी वेबसाइट से पूरी तरह हटा लिया.
3. Honest Innovations और M/s Heliosteck Specialities-
इन दोनों कंपनियों पर भ्रामक ट्रेडमार्क (Misleading Trademark) इस्तेमाल करने का आरोप लगा था. FSSAI की नजर पड़ते ही दोनों कंपनियों ने सुधारात्मक कदम उठाए और अपने नाम व ट्रेडमार्क में जरूरी बदलाव कर लिए.
4. राजस्थान एग्रो एंड जनरल इंडस्ट्रीज- (Rajasthan Agro and General Industries)
यहां भी मामला भ्रामक ट्रेडमार्क से जुड़ा हुआ था. FSSAI के नोटिस का पालन करते हुए कंपनी ने न सिर्फ अपने भ्रामक दावों को हटाया, बल्कि उस ट्रेडमार्क का इस्तेमाल करना भी हमेशा के लिए बंद कर दिया.
5. वेगन और हेल्दी लिखने पर भी कसा शिकंजा-
लिव्योर वेंचर्स (Livyor Ventures) के प्रोडक्ट 'लिव्योर रोस्टेड एडामे बीन्स' (Livyor Roasted Edamame Beans) के पैकेट पर 'वेगन' और 'हेल्दी' जैसे भारी-भरकम शब्द लिखे गए थे. FSSAI का कहना था कि ये दावे तय नियमों के हिसाब से बिल्कुल सही नहीं हैं. इसके बाद कंपनी ने समझदारी दिखाते हुए इन दावों को अपने लेबल से हटा लिया, नया संशोधित लेबल जमा किया और पुरानी पैकेजिंग को बदलने का काम शुरू कर दिया. कंपनी ने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसे नियमों के खिलाफ जाकर कोई दावा नहीं किया जाएगा.
6. बच्चों की सेहत से जुड़े भ्रामक विज्ञापन-
सैपियंस लैब्स (Sapiens Labs) के विज्ञापनों पर FSSAI ने कड़ी आपत्ति जताई. इनके विज्ञापनों में 'हेल्दी ग्रोथ एंड डेली न्यूट्रिशन', 'विकसित बाय पीडियाट्रिशियंस' और यहां तक कि 'क्या आप घर पर बच्चों को अंडे नहीं दे सकते? इसे आजमाएं' जैसे दावे किए जा रहे थे. FSSAI के नियमों (Advertising & Claims Regulations, 2018) के मुताबिक ये सब गलत था. कंपनी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन दावों को विज्ञापनों और लेबल से हटाया तथा संशोधित लेबल बोर्ड के पास जमा कर दिया.
7. शुगर फ्री दावों पर भी उठे सवाल-
शर्मा आइसक्रीम (Sharma Ice Cream) की कुल्फी पर शुगर फ्री ऑन कुल्फी का दावा छापा गया था. जब बात अधिकारियों तक पहुंची, तो कंपनी ने इसे एक 'प्रिंटिंग मिस्टेक' बताया और अपने लेबल को सुधारने की बात कही. ठीक इसी तरह हैपिलो इंटरनेशनल (Happilo International) के मामले में भी 'शुगर फ्री' का गलत दावा पाया गया, जिसे कंपनी ने तुरंत हटाकर नया संशोधित लेबल जमा कर दिया.
8. बिस्लेरी के 'एडेड मिनरल्स' का मामला-
बिस्लेरी इंटरनेशनल (Bisleri International) के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर से जुड़ा एक दिलचस्प मामला सामने आया. सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई थी जिसमें बोतल पर 'एडेड मिनरल्स' (Added Minerals) लिखा हुआ था. जब FSSAI ने जांच की, तो कंपनी ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर जिस बोतल की तस्वीर शेयर की गई है, वह करीब ढाई साल पुरानी है. कंपनी ने अधिकारियों को बताया कि उसने साल 2023 से ही अपने सभी प्रोडक्ट के लेबल से 'एडेड मिनरल्स' का दावा हटाने का फैसला ले लिया था और उसके बाद से बाजार में बिकने वाले सभी प्रोडक्ट पर नए और बदले हुए लेबल का ही इस्तेमाल हो रहा है.
ये भी पढ़ें- तुकाराम मुंढे ने बताया बाहर खाना खाते समय किन 4 बातों का रखें ध्यान, वरना हो सकता है सेहत को नुकसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं