विज्ञापन

मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा के पास 4 लोगों की गोली मारकर हत्या, हमलावरों के बॉर्डर पार से आने की आशंका

मणिपुर के कामजोंग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के निकट स्थित पिलोंग गांव में संदिग्ध हथियारबंद हमलावरों ने चार ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी.

मणिपुर में भारत-म्यांमार सीमा के पास 4 लोगों की गोली मारकर हत्या, हमलावरों के बॉर्डर पार से आने की आशंका
भारत-म्यांमार बॉर्डर के पास 4 लोगों की हत्या
NDTV
  • मणिपुर के कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में संदिग्ध हथियारबंद हमले में चार नागरिकों की मौत हुई है
  • हमलावर म्यांमार के उग्रवादी समूह से जुड़े होने की आशंका के कारण पुलिस ने जांच शुरू कर दी है
  • घटना के बाद तंगखुल नागा लॉन्ग संगठन ने 24 घंटे का बंद आह्वान कर हत्याओं का विरोध किया है

मणिपुर के कामजोंग जिले में भारत-म्यांमार बॉर्डर के पास स्थित पिलोंग गांव में गुरुवार को हुए संदिग्ध हथियारबंद हमले में चार नागरिकों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. वहीं तंगखुल नागा लॉन्ग (TNL) ने हत्याओं के विरोध में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है. माना जा रहा है कि हथियार बंद लोग म्यांमार के विद्रोही गुट से जुड़े थे.

पिलोंग गांव में हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, यह घटना चसाड थाना क्षेत्र से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व स्थित पिलोंग गांव में हुई. संदिग्ध हथियारबंद लोग गांव में घुसे और ग्रामीणों पर गोलीबारी कर दी. हमलावरों के पास अत्याधुनिक हथियार होने की आशंका जताई गई है.

चार लोगों की हुई मौत

इस हमले में 43 साल के फामी जाजो, 35 साल के निंगथेम काशक, 50 साल के बेटर्सन जाजो और 67 वर्षीय वारेशिम जाजो की मौत हो गई. चारों अलग-अलग परिवारों से थे और कामजोंग जिले के गांवों के निवासी बताए गए हैं.

एक व्यक्ति जान बचाकर भागा

पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मौजूद एक व्यक्ति किसी तरह हमलावरों से बचकर जंगल में छिप गया. उसके बयान के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद चसाड पुलिस, स्थानीय बलों और असम राइफल्स की टीम मौके पर पहुंची और इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया.

FIR दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है. भारतीय न्याय संहिता, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और हत्याओं के पीछे की सटीक वजह का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती जांच में हमलावरों के म्यांमार स्थित किसी उग्रवादी संगठन से जुड़े होने की आशंका जताई गई है.

सीमावर्ती इलाके में बढ़ी सुरक्षा चिंता

यह घटना ऐसे इलाके में हुई है जहां दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित पहुंच के कारण सुरक्षा एजेंसियों को अभियान चलाने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. घटना के बाद सीमा से लगे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

TNL ने बुलाया 24 घंटे का बंद

चार लोगों की हत्या के विरोध में तंगखुल नागा लॉन्ग (TNL) ने 25 सितंबर सुबह 7 बजे से 26 सितंबर सुबह 7 बजे तक 24 घंटे के पूर्ण बंद का ऐलान किया है. संगठन ने अपने बयान में दावा किया कि हत्याओं के पीछे कुकी नेशनल आर्मी-बर्मा (KNA-B) और अन्य हथियारबंद समूहों का हाथ है. हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

मुख्यमंत्री ने की निंदा

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने एक्स पर घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में चार तंगखुल नागरिकों की हत्या बेहद दुखद और निंदनीय है. मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है और ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की.

यह भी पढ़ें: मणिपुर में फिर हिंसा भड़की, दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या; कई फार्म हाउस फूंके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manipur, Manipur News, Manipur News Update, Manipur News Updates, Manipur News Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com