विज्ञापन

CISF कैंप में साथी ने की जवानों पर फायरिंग, 4 की मौत; मृतकों में कमांडेंट भी शामिल

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में स्थित CISF कैंप में कथित आपसी गोलीबारी की घटना में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार जवानों की मौत हो गई. आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

CISF कैंप में साथी ने की जवानों पर फायरिंग, 4 की मौत; मृतकों में कमांडेंट भी शामिल
CISF कैंप में फायरिंग
NDTV
  • कठुआ के CISF कैंप में एक जवान ने अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग की जिससे चार जवानों की मौत हुई
  • गोलीबारी घटना शाम लगभग साढ़े छह बजे हुई, जिसमें हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार सिंह ने AK-47 से गोलियां चलाईं
  • मृतकों में एक असिस्टेंट कमांडेंट, एक सब-इंस्पेक्टर और दो अन्य CISF जवान शामिल हैं

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में एक CISF कैंप में आपसी गोलीबारी का मामला सामने आया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, CISF के एक जवान ने कथित तौर पर अपने साथियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार जवानों की मौत हो गई.

क्या हुआ था?

यह घटना कठुआ जिले के बसोली क्षेत्र के मशका इलाके में स्थित सेवा पावर प्रोजेक्ट के CISF कैंप में हुई. बताया जा रहा है कि गोलीबारी जवानों के बीच हुई, जिसके बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि किसी कथित विवाद या कहासुनी के बाद CISF के एक जवान ने अपनी सरकारी AK-47 राइफल से फायरिंग शुरू कर दी. जानकारी के मुताबिक, इस घटना में एक असिस्टेंट कमांडेंट, एक सब-इंस्पेक्टर और दो अन्य CISF जवानों की जान चली गई. घटना के बाद पूरे कैंप को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया.

सूत्रों के मुताबिक, घटना शाम करीब 6:40 बजे हुई, जब CISF के हेड कांस्टेबल (GD) अवधेश कुमार सिंह क्विक रिएक्शन टीम (QRT) की ड्यूटी पर तैनात थे. आरोप है कि वह कैंपस में पहुंचे और अपनी इंसास/AK-47 राइफल से अंधाधुंध गोलियां चला दीं. उनके पास लगभग 150 राउंड गोला-बारूद था.

फायरिंग में घायल चारों CISF कर्मियों को इलाज के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित NHPC अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल हैं.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी CISF जवान अवधेश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल गोलीबारी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना के पीछे क्या कारण थे और किन परिस्थितियों में फायरिंग हुई. 

यह भी पढ़ें: पीयूष गोयल का अमेरिकी दौरा: G20 बैठक में शामिल होंगे वाणिज्य मंत्री, 100% टैरिफ बिल पर हो सकती है अहम वार्ता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CISF, CISF News, CISF News Today, Cisf News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com