भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेस्ले और हिंदुस्तान यूनिलीवर को नोटिस जारी किया है. नेस्ले और हिंदुस्तान यूनिलीवर के कई फूड प्रोडक्ट बनाती है. घर-घर में इन दोनों कंपनियों का कोई ना कोई उत्पाद यूज होता ही होगा. अब इन दो बड़ी कंपनियों को मिला यह नोटिस बताता है कि फूड सेफ्टी के मसले पर एजेंसी बड़ी कंपनियों पर भी हाथ डाल रही है.
दरअसल FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और भ्रामक दावों को लेकर कई कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है. नेस्ले इंडिया और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड को नोटिस जारी किए गए हैं. गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के कारण बाला जी फूड प्रोडक्ट्स और सुखदर्शन फार्मा के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं.
हिंदुस्तान यूनिलीवर को लेकर कार्रवाई
हॉर्लिक्स मदर्स प्लस और हॉर्लिक्स वुमेन्स प्लस के विज्ञापनों और उत्पादों पर किए गए कुछ दावों को भ्रामक या नियमों के खिलाफ पाया गया. हॉर्लिक्स मदर्स प्लस पर ‘स्वस्थ वजन के साथ बच्चे का जन्म' जैसे दावों को लेकर सवाल उठाए गए. हॉर्लिक्स वुमेन्स प्लस पर हड्डियों की मजबूती, मांसपेशियों की सेहत और ‘नो एडेड शुगर' जैसे दावों पर आपत्ति जताई गई. FSSAI ने कंपनी से इन दावों पर जवाब मांगा है.
नेस्ले इंडिया को भी नोटिस
नेस्ले के ‘रिसोर्स रेनल वनीला फ्लेवर पाउडर' को लेकर भी नोटिस जारी किया गया है. यह उत्पाद किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीजों के विशेष आहार प्रबंधन के लिए बताया गया है. FSSAI के मुताबिक, इस उत्पाद के लिए जरूरी पूर्व मंजूरी नहीं ली गई थी.
उत्पाद के लेबल पर शाकाहारी या मांसाहारी होने का निर्धारित निशान भी नहीं दिया गया था. नेस्ले के नेस्कैफे रेडी-टू-ड्रिंक उत्पादों की पैकेजिंग और ऑनलाइन बिक्री में दी गई जानकारी में भी गड़बड़ियां पाई गईं. उत्पाद को कहीं ‘फ्लेवर्ड मिल्क' और कहीं ‘प्रोपराइटरी फूड' बताया गया था. प्राधिकरण ने संबंधित कंपनियों से जवाब मांगा गया है और कहा है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे कार्रवाई हो सकती है
बाला जी फूड प्रोडक्ट्स का लाइसेंस रद्द
इसके अलावा FSSAI ने बाला जी फूड प्रोडक्ट्स का लाइसेंस रद्द कर दिया है. एजेंसी के अनुसार बाला जी में गंभीर खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी खामियां पाई हैं. कंपनी का लाइसेंस पहले भी निलंबित किया गया था.
कंपनी की ओर से दिए गए जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया. बाला जी फूड प्रोडक्ट्स का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है. कंपनी को उत्पादन, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और वितरण का काम तुरंत बंद करने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढे़ं -
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं