- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है.
- जिले में एक मंदिर के अंदर दो साधुओं की हत्या की गई और वहीं पर जला दिया गया.
- मंदिर से धुआं उठने के बाद गांव के लोग मंदिर में गए, जिसके बाद वारदात की जानकारी मिली.
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में शिव मंदिर के अंदर दो साधुओं की हत्या कर दी गई. इसके बाद मंदिर में ही लकड़ी की चिता बनाकर शवों को जला दिया गया. गुरुवार सुबह 7 बजे जब गांव के लोगों ने मंदिर से धुआं उठते देखा, तो मौके पर देखने पहुंचे. गांव वालों के पहुंचने पर एक साधु का शव जल रहा था, जबकि दूसरे का शव जलकर कंकाल बन चुका था. दोनों शव एक-दूसरे से 10 मीटर दूर पड़े थे. वारदात जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर खुदागंज की है. साधुओं की पहचान गोपाल दास और बिहारी दास के रूप में हुई है. दोनों खुदागंज के सूथा गांव स्थित मंदिर में रहते थे.

गांव का ही शख्स आरोपी...
शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बयान जारी करते हुए बताया, "सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दो सन्यासियों के जले शरीर मिले हैं. घटना का संज्ञान लेते हुए, थाना पुलिस, सभी सीनियर ऑफिसर और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई."
यह भी पढ़ें : क्या राजा भैया के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी दिव्या मित्तल? एक पोस्टर ने बढ़ाई UP की सियासी तपिश

जानकारी के मुताबिक हत्याकांड में मारे गए दोनों साधू मंदिर के अंदर ही रहते थे. पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित आगे बताया, "गांव वालों ने कहा है कि उसने (सुमित) दोनों सन्यासियों को कहा था कि आप दोनों लोग यहां से हट जाइए, यहां पर मैं रहने वाला हूं और यहां पर मेरा ही अधिकारी होगा. इसी बात को लेकर ये घटना हुई है."
शाहजहांपुर के एसपी ने आगे कहा, "मौके से सभी सबूत इकट्ठा किए गए हैं. लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. नामजद आरोपी सुमित के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है. मुख्य आरोपी सुमित को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है. घटना में मिलने वाली जानकारी और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."
यह भी पढ़ें : शाहजहांपुर में पार्षदों का धनराशि बांटने की शपथ लेने का वीडियो सार्वजनिक, जांच के आदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं