विज्ञापन
This Article is From Dec 21, 2018

Flashback 2018: नेताओं के वो विवादित बयान, जो 2018 में बने सुर्खियां

भाजपा हो या कांग्रेस, सपा हो या बसपा या कोई और दल, इस साल भी नेताओं की बदजुबानी पर लगाम नहीं लग सका. नेताओं के विवादित बोल हर तरफ चर्चा का विषय बने.

Flashback 2018: नेताओं के वो विवादित बयान, जो 2018 में बने सुर्खियां
हर दलों के नेता अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहे. (प्रतिकात्मक चित्र)
नई दिल्ली:
  1. बिहार के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने राजस्थान विधानसभा चुनाव-प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) पर एक विवादित टिप्पणी की. अलवर में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन शरद यादव ने वसुंधरा राजे को 'मोटी' बताया था और कहा था कि उन्हें आराम देने की जरूरत है. शरद यादव के इस बयान की चौतरफा निंदा हुई. वसुंधरा राजे ने पलटवार किया था. उन्होंने कहा था कि, 'मैं अपमानित महसूस कर रही, ये सभी महिलाओं का अपमान है.
  2.  पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के नेता विलासराव मुत्तेमवार ने पीएम मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया राहुल की पीढ़ियों के बारे में जानती है, लेकिन कोई भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के बारे में नहीं जानता. लेकिन फिर भी वो राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से हिसाब मांग रहे हैं. इससे पहले मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता राज बब्बर (Raj Babbar) ने भी एक विवादित बयान दिया था. अभिनेता से नेता बने राज बब्बर ने डॉलर के मुकाबले रुपये के मूल्य में गिरावट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वयोवृद्ध माता की उम्र से तुलना कर दी थी.  
  3. कांग्रेस नेता शशि थरूर अपनी नई किताब 'द पैराडॉक्सिकल प्राइम मिनिस्टर' के बारे में बात करते हुए बातों ही बातों में पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि एक बार आरएसएस (RSS) के एक अज्ञात व्यक्ति ने पीएम मोदी को एक नई उपमा देते हुए कहा था कि "मोदी शिवलिंग पर बैठे बिच्छू की तरह है, जिसे आप ना तो अपने हाथों से और ना ही चप्पल मारकर हटा सकते है."  थरूर के इस बयान की वजह से विवाद पैदा हो गया. 
  4. जालंधर के बिशप फ्रैंको मुलक्कल के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली नन को लेकर एक विधायक ने विवादित और शर्मनाक बयान दिया है. बिशप पर रेप का आरोप लगाने वाली नन के आरोपों पर ही केरल के निर्दलीय विधायक पीसी जॉर्ज ने सवाल खड़े कर दिये और एक विवादित बयान भी दिया. इतना ही नहीं, विधायक ने पीड़िता नन को वेश्या तक कह डाला. पीसी जॉर्ज ने कहा 'इसमें किसी को कोई शक नहीं कि नन वेश्या है. 12 बार उसने मजे लिए और 13वीं बार यह बलात्कार हो गया? जब उससे पहली बार रेप हुआ तो उसने पहली बार ही शिकायत क्यों नहीं की?' इस पर काफी बवाल मचा.   
  5. बक्सर से सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर एक विवादित बयान दिया.  चौबे ने सासाराम में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते-करते राहुल गांधी को 'नाली का कीड़ा' बता दिया. अश्विनी चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आकाश की तरह हैं और राहुल गांधी 'नाली का कीड़ा'. अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि 'प्रधानमंत्री गगन के जैसा और जो आज का कांग्रेस का अध्यक्ष है, उनका आकार कैसा, नाली के कीड़े जैसा.' 
  6. उत्तर प्रदेश के बैरिया से बीजेपी के विधायक सुरेंद्र सिंह ने अधिकारियों को लेकर विवादित बयान दिया है. सुरेंद्र सिंह ने अधिकारियों की तुलना वेश्याओं से की है. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि अधिकारियों से अच्छा चरित्र वैश्याओं का होता है. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ' ऑफिशियल्स से अच्छा चरित्र वैश्याओं का होता है, वह पैसा लेकर कम से कम अपना काम तो करती हैं और स्टेज पर नाचती हैं. पर ये ऑफिशियल्स तो पैसा लेकर भी आपका काम करेंगे कि नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं है.'  
  7. केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने पिछले दिनों देश में चल रहे किसान आंदोलन पर विवादित बयान दिया था. उन्होंने देश के कई राज्यों में चल रहे किसानों के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देखिए मीडिया में आने के लिए कुछ अनोखा काम करना ही पड़ता है.
  8. पिछले दिनों हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक बयान देकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है. उन्होंने राहुल गांधी की तुलना निपाह वायरस से की. विज ने कहा कि राहुल गांधी निपाह वायरस की तरह हैं और वे जिस भी पार्टी के संपर्क में आएंगे वह खत्‍म हो जाएगी. वे (राजनीतिक दल) साथ आने (गठबंधन) की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वे खत्‍म हो जाएंगे. 
  9. त्रिपुरा के सीएम बिप्लब देब ने कहा कि मिस वर्ल्ड डायना हेडन इंडियन ब्यूटी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि डायना हेडन की जीत फिक्स थी. उन्होंने कहा कि डायना हेडन भारतीय महिलाओं की सुंदरता की नुमाइंदगी नहीं करतीं. ऐश्वर्या राय करती हैं. उन्होंने कहा कि कॉस्मेटिक माफिया की नज़र भारत पर है. उनकी नजर 125 करोड़ भारतीयों पर है. उनके इस बयान की तमाम लोगों ने निंदा की. 
  10. पिछले दिनों सपा छोड़ बीजेपी का दामन थामने वाले नरेश अग्रवाल ने जया बच्चन को लेकर एक विवादित बयान दिया.नरेश अग्रवाल ने बीजेपी में शामिल होने के बाद जया बच्चन को ' फिल्मों में नाचने वाली' बताया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सिर्फ फिल्मों में नाचने वाली की वजह से उनका राज्यसभा टिकट काटा है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Controversial Comment, Controversial Statement, Flashback 2018, Bye Bye 2018, Happy New Year, Flashback2018
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com