विज्ञापन

'मर्यादाएं तार-तार कर दी...' खरगे के बयान पर भड़के अमित शाह और नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा पलटवार

पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के PM मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद गहरा गया है. बीजेपी नेताओं ने इसे अमर्यादित और असंसदीय बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

खरगे के बयान पर विवाद
NDTV
  • मल्लिकार्जुन खरगे ने PM मोदी के पिता को लेकर विवादित टिप्पणी की, जिससे सियासी घमासान शुरू हो गया.
  • बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन ने खरगे की भाषा को अमर्यादित और राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ बताया.
  • अमित शाह ने भी खरगे की टिप्पणी की कड़ी निंदा की और इसे राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया है.
पटना:

बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के PM मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है. बीजेपी नेताओं ने खरगे की टिप्पणी को मर्यादा और राजनीतिक शिष्टाचार के खिलाफ बताया है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर खरगे पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है. नितिन नवीन ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से दिवंगत परिजनों को विवादों में घसीटना कांग्रेस की सोच को उजागर करता है.

उन्होंने आगे कहा कि जब विपक्ष के पास विकास, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तब वह व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेता है. उनके अनुसार, देश की जनता इस तरह की राजनीति को देख रही है और समय आने पर उचित जवाब देगी.

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खरगे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने X पर लिखा कि पटना में कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी ने राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है. अमित शाह ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस नेताओं की ओर से मोदी और उनके परिवार को लेकर विवादित टिप्पणियां की गई हो.

अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएँ तार-तार कर दी हैं. यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों. कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएँ पार करती जा रही है. बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है. जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है. जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियाँ की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है.'

खरगे ने क्या कहा था और क्यों हुआ विवाद?

पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के दौरान हंगामा हो गया. वो लगातार पीएम मोदी के खिलाफ बोल रहे थे. इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे, जिस पर खरगे ने जवाब दिया, "मोदी का बाप भी जाएगा. चल मोदी की झूठ बोलने की आदत है." इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता उस व्यक्ति को पीटते नजर आए.

ये भी पढ़ें : 'मोदी का बाप भी जेल जाएगा', खरगे का विवादित बयान, पटना के आयोजन में हंगामा, देखें-VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mallikarjun Kharge Controversial Statement
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com