विज्ञापन

फरीदाबाद में पूर्व सरपंच के घर से 70 तोला सोना और ढाई किलो चांदी उड़ाई, दीवार कूदकर फरार हुए चोर

फरीदाबाद के शाहुपुरा गांव में पूर्व सरपंच देवी के घर से 70 तोला सोना, ढाई किलो चांदी और 3.5 लाख रुपये नकद चोरी हो गए. परिवार के सदस्यों को कमरों में बंद कर चोर फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

फरीदाबाद में पूर्व सरपंच के घर से 70 तोला सोना और ढाई किलो चांदी उड़ाई, दीवार कूदकर फरार हुए चोर
फरीदाबाद में पूर्व सरपंच के घर बड़ी चोरी, डेढ़ करोड़ का सामान ले गए चोर
NDTV
  • शाहुपुरा गांव में रातभर सोता रहा परिवार, चोर साफ कर गए अलमारी
  • पूर्व सरपंच के घर से ढाई किलो चांदी और लाखों नकद चोरी
  • फरीदाबाद पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश तेज
फरीदाबाद:

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में पूर्व सरपंच के घर हुई बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बल्लभगढ़ के शाहुपुरा गांव में देर रात चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों के कमरों की बाहर से कुंडी लगाकर वारदात को अंजाम दिया. बदमाश घर से करीब 70 तोले सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी और 3.5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है. पुलिस मामले की जांच करते हुए CCTV फुटेज खंगाल रही है.

दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए चोर

शाहुपुरा निवासी पूर्व सरपंच देवी ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं और सभी परिवार के साथ एक ही मकान में रहते हैं. बुधवार देर रात वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ नीचे के कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका दूसरा बेटा और उसकी पत्नी ऊपर के कमरे में सो रहे थे. एक बहू अपने बच्चे के साथ मायके गई हुई थी. देवी के अनुसार, देर रात चोर घर की दीवार कूदकर अंदर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

परिवार के सदस्यों के कमरों में बाहर से लगाई कुंडी

चोरों ने घर में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों के दरवाजों पर बाहर से कुंडी लगा दी, ताकि कोई बाहर न निकल सके. हालांकि, जिस कमरे में देवी सो रहे थे, उसकी कुंडी चोर बाद में खोल गए. सुबह करीब 5 बजे देवी की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि सामने वाले कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर सोने के आभूषण और नकदी गायब मिली.

70 तोले सोना और ढाई किलो चांदी ले गए

पूर्व सरपंच देवी ने बताया कि चोर घर से करीब 70 तोले सोने के आभूषण, ढाई किलो चांदी के आभूषण और 3.5 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए. चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है. सुबह ऊपर जाकर देखने पर परिवार के अन्य सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से लगी मिली. इसके बाद परिवार को पूरी वारदात का पता चला.

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाली जा रही

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि  पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल और आसपास से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें : बंगले में घुसा चोर खिड़की की ग्रिल में घुसा, लोगों ने बरसाए डंडे, अमेरिका में रहता है मालिक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faridabad, House Theft, Gold Theft, Haryana Crime, Cash Theft
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com