विज्ञापन
This Article is From Mar 08, 2023

"झूठा प्रचार..": संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के विदेश मंत्री की कश्मीर को लेकर टिप्पणी पर भारत

भारत पहले भी पाकिस्तान को बता चुका है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का पूरा इलाका भारत का हिस्सा था, है और रहेगा.

"झूठा प्रचार..": संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के विदेश मंत्री की कश्मीर को लेकर टिप्पणी पर भारत
भारत का कहना है कि वह पाकिस्तान के साथ सामान्य पड़ोसी संबंध चाहता है.
संयुक्त राष्ट्र:

भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में महिला, शांति और सुरक्षा के मुद्दे पर आयोजित चर्चा में पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा कश्मीर का विषय उठाने पर पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया और कहा कि "ऐसे दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार का जवाब देना भी अवांछित है."

पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो द्वारा कश्मीर मुद्दे पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए भारत की संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कम्बोज ने उनके बयान को "आधारहीन और राजनीति से प्रेरित" करार दिया.

उन्होंने कहा, "अपने भाषण को समाप्त करने से पहले मैं केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को लेकर पाकिस्तान के प्रतिनिधि द्वारा की गई ओछी, आधारहीन और राजनीति से प्रेरित टिप्पणी को खारिज करती हूं."

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 'महिला, शांति और सुरक्षा' विषय पर चर्चा के दौरान कम्बोज ने कहा, "मेरा प्रतिनिधिमंडल मानता है कि ऐसे दुर्भावनापूर्ण और झूठे प्रचार का जवाब देना भी मुनासिब नहीं है. इसके विपरीत हमारा ध्यान सकारात्मक और आगे की सोच वाला होना चाहिए. आज की चर्चा महिला, शांति और सुरक्षा के एजेंडे को पूरी तरह से लागू करने के लिए हमारी सामूहिक कोशिश को मजबूत करने के वास्ते अहम है. हम चर्चा के विषय का सम्मान करते हैं और समय के महत्व को मान्यता देते हैं. हमारा ध्यान इस विषय पर केंद्रित होना चाहिए."

गौरतलब है कि कम्बोज की यह तीखी प्रतिक्रिया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सुरक्षा परिषद में इस महीने के अध्यक्ष मोजाम्बिक के नेतृत्व में हुई चर्चा के दौरान पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी द्वारा जम्मू-कश्मीर का उल्लेख किए जाने के बाद आई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
False Propaganda, India On Pakistan, Pakistan Foreign Minister, Kashmir, UN, Ndtv Hindi, NDTV India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com