हरियाणा के गुरुग्राम शहर में आठ एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं. इससे दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद से लेकर अलवर तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलने वाली है. सोहना रोड, हीरो होंडा चौक से लेकर राजीव चौक तक ये एलिवेटेड रोड बनाए जा रहे हैं. गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म करने और प्रदूषण की तस्वीर बदलने में ये कॉरिडोर बेहद फायदेमंद होंगे. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, गुरुग्राम-अलवर हाईवे जैसे रास्तों से इनकी कनेक्टिविटी बढ़ेगी. आइए जानते हैं कि कौन से फ्लाईओवर, एलिवेटेड रोड बन रहे हैं...
1. छह लेन का सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर
छह लेन के सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय 340 करोड़ का बजट मंजूर कर लिया है. यह 2.75 किमी का नया एलिवेटेड कॉरिडोर गुरुग्राम के सोहना चौक पर ट्रैफिक घटाएगा. सोहना चौक गुरुग्राम के सबसे बिजी ट्रैफिक वाले इलाकों में से एक है. इस एलिवेटेड रोड से गुरुग्राम के अंदर बाईपास के जरिये हाईवे पर जाने वाले ट्रैफिक का दबाव कम होगा. सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से शुरू होगा. ऐसे में दिल्ली, गुरुग्राम और मुंबई तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी. एलिवेटेड कॉरिडोर से वाहनों को ट्रैफिक सिग्नल पर ठहरना नहीं पड़ेगा. ये प्रोजेक्ट दिल्ली-एनसीआर में वाहनों की आवाजाही को तेज होगी.
राजीव चौक से सोहना तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
पहले राजीव चौक से सोहना तक का 22 किमी का सफर तय करने में अभी भारी ट्रैफिक, ट्रैफिक सिग्नल के कारण 1 से डेढ़ घंटे लगते हैं. एलिवेटेड कॉरिडोर से यह दूरी अब 15 से 20 मिनट में तय होगी. ये एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे होगा, यानी ऑटो, बाइक, लोकस बसों को रूट से अलग रखा जाएगा. सोहना चौक में NH-919 और NH-248A आकर मिलते हैं. नया कॉरिडोर लोकल और बाहरी ट्रैफिक को अलग कर देगा. इससे वाहनों को चौराहों पर जाम नहीं झेलना पड़ेगा.
2. सदर्न पेरिफेरल रोड एलिवेटेड कॉरिडोर (NH-48 से वाटिका चौक)
यह न्यू गुरुग्राम का सबसे बड़ा कॉरिडोर प्रोजेक्ट है, जो सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर बना रहा है.4.2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक सिग्नल फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर करीब 775 करोड़ से तैयार होगा.इससे द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) और सोहना रोड के बीच कनेक्टिविटी हाईस्पीड वाली होगी. वाटिका चौक पर ट्रैफिक का दबाव खत्म होगा.
3. बख्तावर चौक डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर
यह गुरुग्राम का पहला डबल-डेकर प्रोजेक्ट है. इसके पहले लेवल पर 6 लेन एलिवेटेड रोड और दूसरे लेवल पर मेट्रो दौड़ेगी. बख्तावर चौक पर सुबह-शाम के दौरान होने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से हमेशा के लिए छुटकारा मिलेगा.
4. राजीव चौक पर 2 नए फ्लाईओवर
राजीव चौक गुरुग्राम का सबसे बड़ा ट्रैफिक प्वाइंट है. NHAI यहां दो नए फ्लाईओवर बना रहा है. यह नेशनल हाईवे (NH-48), सोहना रोड और ओल्ड गुरुग्राम को जोड़ने वाली सड़कों पर भारी ट्रैफिक दबाव को कम करेगा.
5. एमजी रोड एलिवेटेड कॉरिडोर
अंधेरिया मोड़ से लेकर दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर तक 4.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बन रहा है. एमजी रोड पर मॉल और मेट्रो स्टेशनों से जाम का झंझट खत्म होगा.दिल्ली-गुरुग्राम के बीच यात्रा बेहद आसान हो जाएगी.
6. हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक एलिवेटेड रोड
हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक से लगभग 2.25 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बन रहा है.यह एलिवेटेड कॉरिडोर दिल्ली-जयपुर हाईवे को सीधे पटौदी रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा.इससे गुरुग्राम के अंदरूनी इलाकों में भारी वाहनों का दबाव कम होगा.
7. कृष्णा चौक पर तीन लेयर का कॉरिडोर
पुराने गुरुग्राम को मेट्रो से जोड़ने के लिए ओल्ड दिल्ली रोड पर कृष्णा चौक पर तीन लेयर का कॉरिडोर बन रहा है. इसमें नीचे सर्विस रोड,बीच में फ्लाईओवर, अंडरपास और सबसे ऊपर मेट्रो रूट होगा.इससे पालम विहार और उद्योग विहार के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
8. दिल्ली-फरीदाबाद कनेक्टिविटी और एलिवेटेड बायपास
एम्स से महिपालपुर तक करीब 20 किमी का एलिवेटेड रोड और उसके आगे नेल्सन मंडेला मार्ग से गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड जोड़ने के लिए एक विशाल टनल और एलिवेटेड हाईवे प्रोजेक्ट पर काम हो रहा है. इससे दिल्ली से गुरुग्राम-फरीदाबाद के यात्रियों को हाईस्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी.
ये भी पढ़ें - गुरुग्राम में सोहना रोड पर 4KM लंबा एलिवेटेड रोड, द्वारका से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक होगी हाईस्पीड कनेक्टिविटी
सोहना एलिवेटेड कॉरिडोर: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी
ये सड़क परियोजना दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के सोहना से ही शुरू होती है. ऐसे में एलिवेटेड कॉरिडोर दिल्ली और गुरुग्राम को सीधे मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ देगा.दिल्ली, नोएडा से ट्रैफिक में फंसे सीधे मुंबई एक्सप्रेसवे तक जा सकते हैं. इस कॉरिडोर से सोहना रोड, साउथ पेरिफेरल रोड और सोहना के नए आवासीय सेक्टर 33, 66, 67, 68, 69) में घर खरीदने वालों की मांग तेजी से बढ़ेगी.गुरुग्राम या दिल्ली की जगह सोहना से भी एनसीआर के दूसरे इलाकों से अपडाउन कर सकते हैं. लगातार ट्रैफिक जाम की जगह स्मूथ ट्रैफिक से ईंधन की बर्बादी बचेगी. सोहना रोड अभी भी हरियाणा और राजस्थान के गुरुग्राम-अलवर हाईवे को जोड़ने वाला एक अहम मार्ग है. दूध, फल-सब्जियां और अन्य सामान लेकर 50 हजार से अधिक गाड़ियां यहां से गुजरती हैं. एलिवेटेड कॉरिडोर के कारण माल ढुलाई आसान हो जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं