दिल्ली बॉर्डर से हरियाणा जाने वाले लाखों यात्रियों को लंबे ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलने वाला है. महरौली-गुरुग्राम रोड को ट्रैफिक सिग्नल से मुक्त कराने के साथ दो नए एलिवेटेड रोड और फ्लाईओवर बनाने का प्लान है. इससे छतरपुर, महरौली, वसंत कुंज दिल्ली और हरियाणा के सीमावर्ती इलाकों को बड़ा फायदा होगा. महरौली-गुरुग्राम रोड (NH-148A) के करीब 8.5 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच को सिग्नल फ्री किया जाएगा. अभी व्यस्त समय में यहां 15 मिनट की जगह एक घंटे तक लग जाता है.
साकेत और कुतुब मीनार के दो नए एलिवेटेड रोड बनेंगे
साउथ दिल्ली के साकेत (जी-ब्लॉक) से पुल प्रहलादपुर तक 6 लेन का एलिवेटेड रोड 1471 करोड़ के खर्च से बनाया जाएगा. महरौली-बदरपुर रोड के ट्रैफिक को यहां से गुजरना नहीं पड़ेगा. दूसरा एलिवेटेड कॉरिडोर कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन से छतरपुर डीएलएफ फार्म्स तक 4 किमी लंबा रूट बनेगा. इस पर 700 करोड़ रुपये खर्च आएगा. यह इंदिरा गांधी एयरपोर्ट और महरौली-गुरुग्राम रोड की कनेक्टिविटी बेहतर करेगा. यात्रा आधे घंटे की जगह 5 मिनट में तय होगी.
साकेत जी-ब्लॉक से पुल प्रहलादपुर एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा
साकेत जी-ब्लॉक से पुल प्रहलादपुर एलिवेटेड कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन और PWD बनाएंगे. ये स्पेशल डबलडेकर डिजाइन का होगा. कारों और अन्य वाहनों के लिए 6 लेन की एलिवेटेड रोड होगी. ऊपर दिल्ली मेट्रो की फेज-4 की गोल्डन लाइन का ट्रैक होगा. साकेत जी-ब्लॉक से संगम विहार तक एक 6 लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर भी बन रहा है.साकेत जी-ब्लॉक पर एक 6-लेन अंडरपास और बीआरटी कॉरिडोर से कनेक्ट करने वाला 2 लेन का अंडरपास बनाया जा रहा है. मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रहलादपुर तक मेट्रो सुरंग के ऊपर 2.5 किमी लंबा 6 लेन का एलिवेटेड फ्लाईओवर बनेगा. इससे साकेत, देवली, खानपुर, संगम विहार, आंबेडकर नगर और पुल प्रहलादपुर के लाखों लोगों को सीधा रास्ता मिलेगा.

कुतुब मीनार से छतरपुर तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा
ये कॉरिडोर छतरपुर और फार्महाउस इलाकों में शादी-ब्याह के सीजन भारी ट्रैफिक जाम को खत्म करेगा. 700 करोड़ का 4 किमी का फ्लाईओवर कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन से संत श्री नागपाल (SSN) रूट के साथ-साथ छतरपुर के डीएलएफ फार्म्स तक जाएगा. इस 4 किमी की दूरी अभी आधे घंटे से ज्यादा वक्त में तय होती है, लेकिन अब ये 5 मिनट में होगी. साकेत, महरौली, छतरपुर, लाडो सराय, सैनिक फार्म्स, सतबारी, जोनापुर, डेरा मंडी और असोला को सीधा फायदा होगा.
महरौली-गुरुग्राम बॉर्डर तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
एमजी रोड और उसके छतरपुर और घिटोरनी चौराहों पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जाएंगे. इससे वाहनों को ट्रैफिक सिग्नल पर रुके सीधे अपनी लेन में आगे बढ़ने का ट्रैक मिलेगा. यह कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन के साथ समानांतर आगे बढ़ेगा.इससे वसंत कुंज, छतरपुर और साउथ दिल्ली के अन्य आबादी वाले इलाकों की पहुंच सीधे गुरुग्राम बॉर्डर से से अच्छी होगी. महरौली-गुरुग्राम बॉर्डर पार करने का समय बेहद कम हो जाएगा.
गुरुग्राम बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम घटेगा
ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों के न रुकने से रोजाना हजारों लीटर तेल बचेगा. गाड़ियों पर खड़ी गाड़ियों से भारी प्रदूषण फैलता है. वाहनों की रफ्तार 10 से बढ़कर 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंचेगी. इससे साकेत, महरौली, छतरपुर, आया नगर और गुरुग्राम के बीच हाईस्पीड कनेक्टिविटी होगी. PWD से NHAI को रिपोर्ट सौंपी गई है. इसकी डीपीआर और टेंडर का प्रासेस आखिरी चरण में है.लगभग 2 साल में पूरा काम कर लिया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं