विज्ञापन

देशभर के पेपर लीक मामलों पर ED का एक्शन, कई राज्यों में मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज; JPSC-JSSC जांच भी रडार पर

देशभर में भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों पर प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा कदम उठाया है. राजस्थान, हरियाणा, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों के मामलों में मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की गई है.

देशभर के पेपर लीक मामलों पर ED का एक्शन, कई राज्यों में मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज; JPSC-JSSC जांच भी रडार पर
पेपर लीक मामलों पर ED का बड़ा एक्शन, कई राज्यों में मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू
नई दिल्ली:

देशभर में सामने आए पेपर लीक और भर्ती परीक्षा अनियमितता के मामलों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया है. विभिन्न राज्यों में दर्ज मामलों को आधार बनाकर एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की है. जांच का फोकस केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि उन आर्थिक नेटवर्कों तक पहुंचना है जिनके जरिए कथित तौर पर अभ्यर्थियों से पैसे लेकर परीक्षाओं में गड़बड़ी की गई. झारखंड से लेकर राजस्थान, हरियाणा, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक तक फैले मामलों में ईडी अब अपराध से अर्जित आय, बिचौलियों की भूमिका और मनी ट्रेल की जांच करेगी. आने वाले दिनों में कई राज्यों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.

कई राज्यों के मामलों को ईडी ने लिया अपने हाथ में

सूत्रों के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय ने राजस्थान, हरियाणा, गुवाहाटी, बिहार, झारखंड, कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े विभिन्न पेपर लीक मामलों में मनी लॉन्ड्रिंग के केस दर्ज किए हैं. इन मामलों में पहले से दर्ज एफआईआर और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट को आधार बनाकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है. एजेंसी अब यह पता लगाएगी कि परीक्षा में कथित धांधली के जरिए किस तरह आर्थिक लाभ अर्जित किया गया और इसका फायदा किन लोगों तक पहुंचा.

जल्द NEET मामले में भी हो सकती है कार्रवाई

सूत्रों का कहना है कि NEET पेपर लीक प्रकरण में भी ईडी जल्द मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर सकती है. इसके बाद पेपर लीक गिरोहों, बिचौलियों और कथित सरगनाओं के खिलाफ देशव्यापी कार्रवाई की तैयारी है. ईडी जांच में शामिल होने के बाद दोषियों की संपत्तियों को जब्त करने और बैंक खातों की जांच जैसे कदम भी उठा सकती है.

जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में ईडी ने दर्ज की ईसीआईआर

झारखंड में 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर ईडी ने ECIR दर्ज कर ली है. रांची स्थित ईडी कार्यालय ने राज्य पुलिस और सीआईडी की एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की है. जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि कथित परीक्षा घोटाले में कितना पैसा चला, किन लोगों के बीच लेन-देन हुआ और इसका लाभ किसे मिला. सूत्रों के अनुसार झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा 2024 में कथित अनियमितताओं की जांच भी ईडी के रडार पर है. माना जा रहा है कि इस मामले में भी अलग से ECIR दर्ज की जा सकती है. फिलहाल सीआईडी इस मामले की जांच कर रही है और परीक्षा आयोजन से जुड़ी एजेंसियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है.

40 करोड़ रुपये के नेटवर्क की जांच

जांच एजेंसियों की शुरुआती पड़ताल में करीब 40 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय नेटवर्क की आशंका सामने आई है. आरोप हैं कि परीक्षा में पास कराने, चयन सूची में नाम दिलाने और ओएमआर शीट में कथित हेरफेर के बदले बड़ी रकम वसूली गई. ईडी अब इसी धन के स्रोत, लेन-देन और उपयोग की जांच करेगी.

छापेमारी में मिले अहम दस्तावेज

सीआईडी की कार्रवाई के दौरान रांची, हजारीबाग, पलामू और धनबाद सहित 18 ठिकानों पर छापेमारी की गई थी. जांच अधिकारियों के अनुसार वहां से ब्लैंक चेक, अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए थे. इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आर्थिक लेन-देन के नए सुराग मिलने की उम्मीद है.
 

यह भी पढ़ें : UKSSSC पेपर लीक मामले में ED का बड़ा एक्शन, 63.30 लाख रुपये की संपत्ति अटैच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Paper Leak, ED Action, Money Laundering, Jpsc Exam, ECIR
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com