Jharkhand Students Protest Updates: झारखंड की राजधानी रांची में पिछले दो हफ्तों से ज्यादा वक्त से चल रहा प्रोटेस्ट 10 अगस्त को अपने चरम पर पहुंच गया. छात्रों ने विधानसभा की तरफ मार्च निकाला. इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस के द्वारा लगाए गए बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की. सुरक्षा बलों ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. कई छात्र विधानसभा के गेट तक पहुंच गए और वहीं बैठकर धरना करने लगे. रात होते-होते पुलिस ने छात्रों पर फिर बल का प्रयोग किया और उन्हें विधानसभा गेट से हटाने की कोशिश की.
लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं. इधर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए छात्रों को भरोसा दिलाने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी. वहीं विपक्ष में बैठी बीजेपी भी इस मुद्दे पर मुखर है. बीजेपी ने मंगलवार को झारखंड बंद का ऐलान किया है. छात्रों की मांग है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच की जाए.
बता दें कि विरोध कर रहे छात्रों के 'विधानसभा घेराव' मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया जवाब में प्रदर्शनकारी छात्रों ने उन पर चप्पलें और पानी की खाली बोतलें फेंकीं. यही नहीं, प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाने के लिए जब पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया तो इस दौरान छात्र डांस करने लगे.
Jharkhand Students Protest LIVE: कल झारखंड में रहेगा बंद, बीजेपी ने किया ऐलान
भाजपा ने हेमंत सरकार के द्वारा छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में 11 अगस्त को झारखंड बंद की घोषणा की है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सुबह 8 बजे से ही बंदी प्रारंभ हो जाएगी. झारखंड बंद के दौरान झारखंड पूरा ठप रहेगा. केवल आवश्यक सेवाएं चालू रहेगी. कांवड़ियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं होगी.
Jharkhand Students Protest LIVE: आपकी आवाज का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी.. छात्रों को CM हेमंत का संदेश
रांची में छात्रों के प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, ' आज के छात्र आंदोलन के दौरान संयम, संवेदनशीलता और पूरी जिम्मेदारी के साथ स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों का मैं धन्यवाद करता हूं.'
सीएम सोरेन ने छात्रों को संदेश देते हुए लिखा, 'आपने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाई. लोकतंत्र में अपनी बात रखने का आपका अधिकार है और आपकी आवाज का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है.
सरकार ने आपकी बात सुनी है. हमारे सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण आपसे लगातार संवाद करते रहे हैं और मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आपकी मांगों पर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होगी.
पिछले कुछ दिनों में आपने देखा है कि दोषी चाहे कोई भी हो, सरकार ने किसी को भी बख्शा नहीं है. हमारा स्पष्ट उद्देश्य है कि व्यवस्था में ऐसी कमियां दूर हों, जिससे भविष्य में किसी भी छात्र को परेशानी न उठानी पड़े.
हम परीक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, तकनीक-सक्षम, सुरक्षित और जवाबदेह बनाना चाहते हैं. इस बदलाव में आपकी भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है. हमारा प्रयास है कि झारखंड केवल समस्याओं की चर्चा न करे, बल्कि यहाँ से समाधान की एक नई मिसाल कायम करे.
मैं यह भी समझता हूं कि आपके शांतिपूर्ण आंदोलन के बीच विपक्ष के कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने और छात्रों को भटकाने की कोशिश की. आप सभी से अपील है कि आप ऐसे किसी भी राजनीतिक नैरेटिव के बहकावे में न आएं.
आप झारखंड का भविष्य हैं. आपकी आवाज को नजरअंदाज करना नहीं, उसे सुनना और आपकी समस्याओं का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है. मैं अपनी बात दोहराऊंगा कि आइए, संवाद और विश्वास के साथ मिलकर इस मुद्दे का समाधान करें.'
Jharkhand Students Protest LIVE: पुलिस के एक्शन पर क्या बोले छात्र?
छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि हम बस एक ही बात कहेंगे, सरकार हमारे मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है. उसकी नीयत हमारी सोच से बिल्कुल अलग है. इसके उलट, वह लाठियों के जोर पर हमें यहां से भगा रही है. यह आंदोलन अब सिर्फ छात्रों का विरोध नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन बन चुका है. मैं सभी माता-पिता से अपील करना चाहता हूं, अपने बच्चों की लड़ाई का समर्थन करने के लिए घरों से बाहर निकलें. अपने बेटे-बेटियों को भी साथ लाएं. जिस तरह से उन्होंने लाठीचार्ज किया, उससे पता चलता है कि सरकार में नैतिकता की कमी है. उसका जमीर मर चुका है.
JPSC-JSSC Protest LIVE: छात्रों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है. पुलिस छात्रों को विधानसभा से हटाने की कोशिश कर रही है. कई छात्रों को चोट भी लगी है. वहीं छात्रों का कहना है कि उन्हें लाठी से मारा गया है. लेकिन जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे नहीं हटेंगे.
#WATCH | Ranchi, Jharkhand: Police use lathi charge to disperse JPSC-JSSC aspirants who were protesting outside the State Assembly in Ranchi. pic.twitter.com/qz36WsmUi4
— ANI (@ANI) August 10, 2026
Jharkhand Students Protest LIVE: विधानसभा के बाहर से छात्रों को हटाने के लिए बल प्रयोग कर रही पुलिस
रांची में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. छात्र झारखंड विधानसभा के बाहर धरना दे रहे हैं. पुलिस छात्रों को विधानसभा के गेट से हटाने की कोशिश कर रही है. छात्रों को हटाने के लिए पुलिस बल का भी प्रयोग कर रही है. वहीं छात्रों का कहना है कि ये धरना तब तक चलेगा, जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं.
JPSC-JSSC Protest LIVE: रांची प्रदर्शन पर क्या बोले राहुल गांधी?
रांची में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन पर लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी का बयान सामने आया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना गलत है. छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और बातचीत से ही समाधान निकल सकता है. झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और हर समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए.
Jharkhand Exam Row LIVE: झारखंड विधानसभा के बाहर पहुंचे प्रदर्शनकारी छात्र
रांची में PSC-JSSC उम्मीदवारों का विरोध-प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारी छात्र झारखंड विधानसभा के बाहर पहुंच गए हैं. वे JSSC-CGL परीक्षा की पूरी और स्वतंत्र CBI जांच, और JPSC व JSSC दोनों में बड़े सुधारों की मांग कर रहे हैं.
अगर छात्रों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो CM पद खतरे में पड़ जाएगा: देवेंद्र नाथ महतो
आप इस विधानसभा मार्च में स्टूडेंट्स का दर्द देख सकते हैं. अपनी भूख हड़ताल के 9 दिन बाद भी, मैं यहां एम्बुलेंस में आया और मैं स्ट्रेचर पर इस मार्च का हिस्सा हूं. लेकिन यह सरकार हमारी आवाज दबा रही है और वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले इस्तेमाल कर रही है. यह निंदनीय है. सरकार डरी हुई है, यह कायर सरकार है. सरकार जब जब डरती है, तब तब पुलिस को आगे करती है. हम आगे मार्च करते रहेंगे. हमारी सरकार से 3 राउंड की बातचीत हुई है, उन्हें हमारी मांगें पूरी करनी चाहिए. अगर स्टूडेंट्स की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो CM की पोस्ट खतरे में पड़ जाएगी. सरकार हिल जाएगी, यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है. यह एक मास मूवमेंट बन गया है.
देवेंद्र नाथ महतो
JPSC-JSSC Protest LIVE: यह आंदोलन नहीं रुकने वाला: देवेंद्र नाथ महतो
रांची में छात्रों का 'विधानसभा घेराव' के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, "यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है. यह एक जन आंदोलन बन गया है. 'युवा' का विलोम शब्द 'वायु' है - 'वायु' को कोई नहीं रोक सकता.'
Jharkhand Students Protest LIVE: पुलिस ने छोड़े 6 आंसू गैस के गोले
रांची में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. पुलिस छात्रों को तितर-बितर करने की कोशिश कर रही है. पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए 6 आंसू गैस के गोले छोड़े हैं. लेकिन प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे हैं.
Ranchi Students Protest LIVE: सड़कों पर उठाए गए मुद्दों को सदन तक ले जाना जरूरी: जयराम महतो
झारखंड के डुमरी से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधायक जयराम महतो ने कहा, "मैंने झारखंड पुलिस और सभी संबंधित लोगों से अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे और इसमें कोई बाधा न आए. विधानसभा का सत्र चल रहा है, इसलिए इन मुद्दों को सदन में उठाना जरूरी है."
उन्होंने कहा कि मैं एक विधायक हूं और विधानसभा ही वह जगह है, जहां मैं इन मुद्दों को उठा सकता हूं. अगर सड़कों पर उठाए गए मुद्दे सदन तक नहीं पहुंचेंगे, तो कार्रवाई कैसे होगी? सड़कों पर उठाए गए मुद्दों को सदन तक ले जाना जरूरी है. मैंने छात्रों से यहीं बने रहने के लिए कहा है. जब तक बातचीत नहीं हो जाती और उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, उन्हें यहीं बैठे रहना चाहिए."
VIDEO | Jharkhand: Dumri MLA Jairam Mahto says, "I have appealed to the Jharkhand Police and everyone concerned to ensure that the protest remains peaceful and that no obstruction is caused. The Assembly session is underway, so these issues have to be raised in the House. I am an… pic.twitter.com/JJU1lqXvsT
— Press Trust of India (@PTI_News) August 10, 2026
Jharkhand Protest LIVE: सीआईडी ने JPSC के पूर्व चेयरमैन एल. खियांगते को गिरफ्तार किया
क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने सोमवार को झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) के पूर्व चेयरमैन L खियांगते को गिरफ्तार कर लिया है. खियांगते ने 22 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था. यह गिरफ्तारी ऐसे वक्त में हुई है, जब JPSC की परीक्षा देने वाले हजारों कैंडिडेट्स विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं और झारखंड विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं. वे भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
Ranchi Students Protest LIVE: लाठीचार्ज का जवाब पानी की बोतलें
रांची में विरोध कर रहे छात्रों के मार्च के दौरान पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया और इसके जवाब में छात्रों ने उन पर चप्पलें और पानी की खाली बोतलें फेंकीं.
#WATCH झारखंड: रांची में JPSC-JSSC उम्मीदवारों का विरोध प्रदर्शन | विरोध कर रहे छात्रों के 'विधानसभा घेराव' मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया। जवाब में प्रदर्शनकारी छात्रों ने उन पर चप्पलें और पानी की खाली बोतलें फेंकीं। pic.twitter.com/VTPYyzdf5p
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 10, 2026
JSSC-CGL LIVE Updates: रांची में प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल, छात्र करने लगे डांस
रांची में प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और इस दौरान छात्र डांस करने लगे।
#WATCH झारखंड: रांची में JPSC-JSSC उम्मीदवारों का विरोध-प्रदर्शन | प्रदर्शनकारी छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, इस दौरान छात्र डांस करने लगे। pic.twitter.com/oGoB8rjGJL
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 10, 2026
JPSC Exam Protest LIVE: झारखंड से अलग-अलग जिलों से प्रोटेस्ट में आए छात्र
रांची में होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राज्य के कई जिलों से छात्र ट्रेन, बस और अन्य वाहनों के जरिए भारी तादाद में रांची पहुंचे हैं. रांची शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती जोरों पर है, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.

Vidhan Sabha March LIVE: छात्रों को याद आए सीएम हेमंत के पिता सीबू सोरेन
रांची में हंगर स्ट्राइक पर बैठे देवेंद्र महतो ने एनडीटीवी से बात करते हुए कहा, "सीबू सोरेन अगर जिंदा होते, तो हमारे साथ सशरीर होते. उनका बेटा मुख्यमंत्री है और आज उनका जन्मदिन है. ऐसे में हमें कुछ ऐसा तोहफा न मिले, जिसमें खून का दाग हो और झारखंड कलंकित हो. जन्मदिन पर अच्छा तोहफा दिया जाना चाहिए, जिससे बच्चे खुश हो जाएं."
Jharkhand Exam Row LIVE: 'वाटर कैनन में भी भ्रष्टाचार...', बोले प्रदर्शनकारी छात्र
रांची में विधानसभा की तरफ बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन प्रदर्शनकारी इसे सेलिब्रेट करते नजर आए. छात्रों का कहना है कि वाटर कैनन का पानी खत्म हो गया, हम लोगों तक पानी नहीं पहुंचा. इसमें भी हमें भ्रष्टाचार नजर आ रहा है. सरकार ने जिस वाटर कैनन का इस्तेमाल किया है, उससे पानी ही नहीं निकल रहा है.
JPSC-JSSC Protest LIVE: रांची में छात्र आंदोलन का आज 17वां दिन
झारखंड के रांची में पिछले 16 दिनों से छात्र आंदोलन कर रहे हैं. आज आंदोलन का 17वां दिन है. छात्रों का कहना है कि हमें शांतिपूर्वक आंदोलन करना है. झारखंड के रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों ने आज यानी 10 अगस्त को झारखंड विधानसभा के घेराव का ऐलान किया था. ऐसे में आज जब छात्रों ने विधानसभा कूच करने के लिए मार्च शुरू किया तो प्रशासन ने रोकने की पूरी कोशिश की. इस दौरान, वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया और पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया.
