विज्ञापन

शानदार प्रदर्शन के बावजूद वैभव सूर्यवंशी चौथे टी20 से बाहर, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया है. लगातार आक्रामक बल्लेबाजी के बावजूद उनकी जगह ईशान किशन को मौका मिला है.

शानदार प्रदर्शन के बावजूद वैभव सूर्यवंशी चौथे टी20 से बाहर, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
चौथे टी20 मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. हालांकि टॉस के बाद सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 से बाहर किए जाने को लेकर हुई. सीरीज में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले वैभव सूर्यवंशी को चौथे मुकाबले के लिए अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली. उनकी जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा तेज गेंदबाज मयंक यादव की भी प्लेइंग-11 में वापसी हुई है, जबकि भुवनेश्वर कुमार बाहर रहे.

टॉस के दौरान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे. हम उसी लय को बनाए रखना चाहते हैं. पहले ही गेंद से खिलाड़ियों का इरादा और सकारात्मक सोच देखने को मिली है. खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार तरीके से योजनाओं को लागू किया है. यहां मौसम लगातार ठंडा होता जा रहा है. हमारे लिए लगातार आक्रामक बने रहना जरूरी है और टीम को भी यही संदेश दिया गया है. हमें पिच से उछाल और सीम मूवमेंट मिलने की उम्मीद है. ईशान किशन वैभव सूर्यवंशी की जगह और मयंक यादव भुवनेश्वर कुमार की जगह टीम में आए हैं."

वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा सीरीज में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था. तीसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने तेज शुरुआत दिलाई थी और अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था. ऐसे में उन्हें बाहर किए जाने के फैसले पर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है.

कई प्रशंसकों का मानना है कि शानदार फॉर्म में होने के बावजूद वैभव को अवसर मिलना चाहिए था, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि टीम प्रबंधन बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने और अलग संयोजन देखने के लिए बदलाव कर रहा है.

सीरीज में 3-0 की बढ़त बना चुकी भारतीय टीम अब चौथा मुकाबला जीतकर बढ़त को 4-0 करना चाहेगी, जबकि न्यूजीलैंड की कोशिश वापसी करने की होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Indians, India, Vaibhav Sooryavanshi, Vaibhav Suryavanshi, New Zealand Vs India 2026/27, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com