- दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी करने पहुंचे थे बदमाश! ₹20 हजार खर्च कर खरीदे गोल्ड पास
- दिल्ली गैंग की साजिश नाकाम, दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में
- iPhone 17 Pro Max समेत लाखों के मोबाइल बरामद
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के AURA इंडिया टूर कॉन्सर्ट में जहां हजारों लोग संगीत का आनंद लेने पहुंचे थे, वहीं दिल्ली से आया एक गिरोह भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने की फिराक में था. आरोपियों ने अहमदाबाद पहुंचने के लिए करीब 20 हजार रुपये खर्च किए और कार्यक्रम में प्रवेश पाने के लिए गोल्ड स्टैंडिंग पास तक खरीदे. हालांकि कॉन्सर्ट खत्म होने से पहले ही पुलिस को उनके करतूतों की सूचना मिल गई. सघन निगरानी के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
खुफिया सूचना के बाद सक्रिय हुई पुलिस, भागने की कोशिश में पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) जोन-2 को सूचना मिली थी कि दिल्ली से आए कुछ जेबकतरे दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी करने का प्लान बना रहे हैं. सूचना मिलने के बाद एलसीबी और मोटेरा पुलिस की टीमों ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम के आसपास निगरानी बढ़ा दी. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही दर्शकों की भीड़ बाहर निकलने लगी, संदिग्धों पर नजर रखी गई.

मोबाइल चोर गिरफ्तार
Photo Credit: NDTV
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशेष रूप से मोबाइल चोरी करने के उद्देश्य से दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे थे.
आईफोन, सैमसंग फोल्ड समेत 4.30 लाख रुपये के मोबाइल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 4.30 लाख रुपये बताई गई है. बरामद फोन में कई महंगे मॉडल शामिल हैं, जिनमें iPhone 17 Pro Max, iPhone 16, iPhone 14, Samsung Fold 8 Ultra, OnePlus, Nothing और Redmi कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं. जांच में पुलिस को पता चला कि बरामद मोबाइल मोटेरा थाने में दर्ज चोरी के कम से कम छह मामलों से जुड़े हो सकते हैं. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) के तहत दर्ज प्रकरणों की भी जांच की जा रही है.

महंगे फोन को बनाया निशाना
Photo Credit: NDTV
गोल्ड पास लेकर पहुंचे थे कॉन्सर्ट में, दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने स्टेडियम में प्रवेश के लिए महंगे गोल्ड स्टैंडिंग पास खरीदे थे. उनका मकसद म्यूजिक प्रोग्राम का आनंद लेना नहीं बल्कि भारी भीड़ के बीच महंगे मोबाइल फोन चोरी करना था. यही वजह थी कि उन्होंने यात्रा और टिकट पर हजारों रुपये खर्च किए थे. पुलिस का कहना है कि यह गिरोह चार लोगों का था. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही हैं. आशंका है कि उनके पास से और भी चोरी के मोबाइल बरामद हो सकते हैं. प्रारंभिक कार्रवाई पूरी होने के बाद एलसीबी जोन-2 की टीम ने गिरफ्तार आरोपियों और बरामद मोबाइल फोन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मोटेरा पुलिस को सौंप दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं