पंजाब के मशहूर सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026' को लेकर चर्चा में हैं. इंदौर में शानदार परफॉर्मेंस देने के बाद अब वह गुजरात में अपने अगले कॉन्सर्ट की तैयारी कर रहे हैं. 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उनका लाइव शो होने वाला है. इस बीच दिलजीत ने अपने बिजी शेड्यूल से कुछ वक्त निकालकर गुजरात के मशहूर गिर नेशनल पार्क की सैर की. यहां वह अपनी टीम के साथ जंगल सफारी का आनंद लेते नजर आए. सिंगर ने इस खास अनुभव का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वह जंगल के बीच शेरों को करीब से देखते दिखाई दे रहे हैं.
गिर के जंगलों में शेरों के बीच पहुंचे दिलजीत दोसांझ
दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें वह अपनी टीम के साथ खुली जीप में बैठकर जंगल घूमते नजर आ रहे हैं. इस दौरान उन्हें शेर, शेरनियां और उनके छोटे-छोटे शावक देखने का मौका मिला. जंगल में इन खूंखार जानवरों को उनके प्राकृतिक माहौल में देखकर सिंगर काफी उत्साहित दिखाई दिए. इतना ही नहीं, दिलजीत के हाथ में कैमरा भी नजर आया, जिससे वह सफारी के दौरान वन्यजीवों के इन खूबसूरत पलों को अपने कैमरे में कैद करते दिखे.
वीडियो में जंगल का नजारा और जीप में घूमती टीम की मस्ती देखने को मिल रही है. अपने इस पोस्ट के साथ दिलजीत ने कैप्शन में लिखा, ‘GIR National Park Safari Gujarat. AURA INDIA TOUR 2026.' उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच रहा है.
ऋषिकेश में भी छुट्टियां मनाने पहुंचे थे सिंगर
दिलजीत दोसांझ अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच घूमने-फिरने के लिए भी समय निकाल लेते हैं. गिर नेशनल पार्क पहुंचने से कुछ दिन पहले वह ऋषिकेश में छुट्टियां बिताने गए थे. उन्होंने वहां से कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की थीं. इन तस्वीरों में वह नरेंद्रनगर पैलेस के सामने पोज देते नजर आए. इसके अलावा उनके वेकेशन की झलकियों में हेलिकॉप्टर की सवारी, खाने-पीने के पल और फैंस के साथ मुलाकात भी देखने को मिली.
सिंगर ने उस प्रॉपर्टी की भी झलक दिखाई थी, जहां वह ठहरे हुए थे. उनकी पोस्ट में एक म्यूजिकल नाइट और शिव मंदिर की तस्वीर भी नजर आई. इस ट्रिप की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, ‘Rishikesh - Yoga Rajdhani.'
इन शहरों में भी होगा दिलजीत का कॉन्सर्ट
दिलजीत के ऑरा इंडिया टूर का अगला पड़ाव 21 नवंबर को अहमदाबाद होगा. इसके बाद 27 नवंबर को मुंबई और 29 नवंबर को बेंगलुरु में उनका कॉन्सर्ट होगा. वहीं, 5 दिसंबर को वह लखनऊ में परफॉर्म करेंगे. ऐसे में सिंगर के फैंस को उनके आने वाले लाइव शोज का बेसब्री से इंतजार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं