- दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक युवक कमल की मौत हो गई
- गड्ढे में गिरने से हुई कमल की मौत मामले में कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
- दिल्ली सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल बोर्ड के तीन इंजीनियरों को तत्काल निलंबित कर दिया है
दिल्ली में शुक्रवार को जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर युवक की मौत मामले में कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. दिल्ली पुलिस ने कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है. बता दें कि पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में जोगिंदर सिंह मार्ग पर दिल्ली जल बोर्ड द्वारा निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई.मृतक के परिवार ने जल बोर्ड की ओर से लापरवाही का आरोप लगाते हुए बेटे की मौत में साजिश की आशंका भी जताई है.
दिल्ली जल बोर्ड ने खोदा था गड्ढा, गिरकर युवक की मौत
मृतक कमल पालम के कैलाशपुरी का रहने वाला था. वह एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में काम करता था. दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने गड्ढे में गिरने से हुई मौत मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) एवं (पश्चिमी रेंज) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शनिवार को सुबह 10 बजे घटना स्थल पर होने वाले संयुक्त निरीक्षण के दौरान सुधारात्मक उपाय करें.
गड्ढे के अंदर मिले शव और बाइक
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में उनको शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली थी. जिसके बाद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि लड़के का शव और उसकी मोटरसाइकिल, दोनों ही गड्ढे के अंदर मिले. इस मामले पर एक सीनियर अधिकारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि दिल्ली जल बोर्ड के निर्माणस्थल पर खोदे गए गड्ढे वाली जगह पर अवरोधक लगाए गए थे.
सड़क के बीचों-बीच खुला पड़ा था गड्ढा
बता दें कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड के तीन इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.हैरान करने वाली बात यह है कि मौत का यह गड्ढा सड़क के बीचों-बीच खुला पड़ा था, न तो वहां कोई बैरिकेडिंग थी और न ही चेतावनी का कोई बोर्ड लगाया गया था. बाइक सवार कमल अंधेरे में गड्ढे में गिर गया. हादसे के बाद आनन-फानन में वहां 'पर्दे' लगा दिए गए.
सुबह 7 बजे मिली शव गड्ढे में होने की सूचना
कमल रोहिणी के HDFC बैंक में जॉब करता था. उसकी शिफ्ट हर दिन रात 11 बजे तक होती थी. कमल ने आखिरी कॉल में घर वालों से कहा था कि जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर हूं और 10 मिनट में घर पहुंच रहा हूं. लेकिन वह नहीं आया. परिजनों ने रातभर उसकी तलाश में दर्जनभर थानों के चक्कर काटे, लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की. सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने फोन कर शव मिलने की सूचना उनको दी. उनका बेटा रातभर गड्ढे में तड़पता रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं