विज्ञापन

दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, तेज हवाओं के बीच बारिश के आसार; अब ठंड भी जल्द देगी दस्तक

दिल्ली में मौसम ने अचानक मिजाज बदल लिया है. राजधानी और सटे इलाके में हवाएं चल रही हैं. इसके साथ ही ऐसा लग रहा है मानो अब ठंड दस्तक देने वाली है.

दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, तेज हवाओं के बीच बारिश के आसार; अब ठंड भी जल्द देगी दस्तक
प्रतीकात्मक तस्वीर
NDTV

दिनभर की गर्मी और उमस के बाद दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने अचानक करवट ले ली है. रविवार शाम को राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चलने लगीं. राजधानी में आसमान पर बादलों की आवाजाही जारी है. हालांकि बारिश होगी या नहीं, इसका अनुमान नहीं है.  तेज हवाओं के कारण तापमान में भले कोई बड़ी गिरावट नहीं आई, लेकिन लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली.

मौसम विभाग ने लगाया था अनुमान

मौसम विभाग ने पहले ही 11 अक्टूबर के लिए बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई थी. विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राजधानी के आसमान में बादलों का डेरा बना रह सकता है. हालांकि भारी बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 अक्टूबर तक मौसम में ऐसे ही बदलाव देखने को मिल सकते हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक, 11 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. 12 अक्टूबर को भी तापमान 33 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं 13 अक्टूबर को अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होकर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दौरान नमी का स्तर 60 से 80 प्रतिशत के बीच बना रह सकता है.

क्या कह रहे जानकार?

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अक्टूबर के मध्य से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव दिखने लगेंगे और ठंड का असर बढ़ना शुरू हो सकता है. फिलहाल तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है. नमी में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है, लेकिन शाम और रात के वक्त मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने के आसार हैं.

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम चली तेज हवाओं ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि मौसम अब धीरे-धीरे करवट लेने लगा है. आने वाले दिनों में बादलों और हवाओं की मौजूदगी के बीच लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है, जबकि अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड की शुरुआती दस्तक महसूस होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: अक्टूबर में बाजरा खाना चाहिए या नहीं? जानें इसे कैसे और कितना खाना चाहिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Weather, Delhi NCR, IMD
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com