विज्ञापन

रोहित नंबर-1, युवराज नंबर-2, हैरी ब्रूक ने किया बड़ा धमाका, सबसे तेज T20 फिफ्टी लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20 गेंदों में अर्धशतक लगाकर जोस बटलर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जानिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की पूरी सूची.

रोहित नंबर-1, युवराज नंबर-2,  हैरी ब्रूक ने किया बड़ा धमाका, सबसे तेज T20 फिफ्टी लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
Harry Brook, Rohit Sharma, Yuvraj Singh
NDTV

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने विस्फोटक बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया. टीम के 13 रन पर दो विकेट गिरने के बावजूद ब्रूक ने अटैकिंग अंदाज अपनाया और महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर डाला. उनकी 28 गेंदों में 65 रन की पारी में 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे.

इस पारी के साथ ब्रूक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज टी20 अर्धशतक लगाने वाले इंग्लैंड के बल्लेबाज बन गए. उन्होंने 2018 में जोस बटलर द्वारा बनाए गए 22 गेंदों में अर्धशतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इतना ही नहीं, ब्रूक अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज टी20 फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाजों की ऑलटाइम लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज टी20 फिफ्टी लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज

  • नंबर-1: रोहित शर्मा (भारत) - 24 जून 2024 को ग्रोस आइलेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया.
  • नंबर-2 (संयुक्त): युवराज सिंह (भारत), कीरोन पोलार्ड (वेस्टइंडीज) और हैरी ब्रूक (इंग्लैंड) - युवराज ने 22 सितंबर 2007 को डरबन में, पोलार्ड ने 27 मार्च 2012 को सेंट लूसिया में और ब्रूक ने 21 नवंबर 2026 को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 20-20 गेंदों में अर्धशतक लगाया.
  • नंबर-3: उमर अकमल (पाकिस्तान) - 5 जुलाई 2010 को एजबेस्टन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 21 गेंदों में अर्धशतक जड़ा.
  • नंबर-4 (संयुक्त): जोस बटलर (इंग्लैंड) और डेवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका) - बटलर ने 28 जून 2018 को बर्मिंघम में और ब्रेविस ने 16 अगस्त 2025 को केर्न्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22-22 गेंदों में फिफ्टी लगाई.
  • नंबर-5: क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 6 जून 2009 को द ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया.

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड

ब्रूक का 20 गेंदों का अर्धशतक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में लगाया गया दूसरा सबसे तेज टी20 अर्धशतक भी है. इस मैदान पर सबसे तेज टी20 फिफ्टी का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम है, जिन्होंने 2009 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था.

यह भी पढ़ें- जसप्रीत बुमराह को रोकने का क्या है फॉर्मूला? ग्लेन फिलिप्स ने खोल दिया राज

यह भी पढ़ें-  नंबर-1 मोहम्मद अब्बास, नंबर-3 पर मिचेल स्टार्क, 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com