विज्ञापन

दिल्ली में आखिरकार आ ही गया मॉनसून... कैसे चला पता? IMD कब करता है एंट्री का ऐलान

दिल्ली में 5 दिन की देरी से 2 जुलाई को मॉनसून आ गया है. मौसम विभाग ने अगले दो-तीन तक दिल्ली में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है.

दिल्ली में आखिरकार आ ही गया मॉनसून... कैसे चला पता? IMD कब करता है एंट्री का ऐलान
दिल्ली में 2 जुलाई को मॉनसून ने दस्तक दे दी.
IANS
नई दिल्ली:

दिल्ली में आखिरकार मॉनसून आ ही गया. मौसम विभाग ने गुरुवार को बता दिया कि दिल्ली में मॉनसून ने दस्तक दे दी है. वैसे तो दिल्ली में 27 जून को दिल्ली में मॉनसून आने की उम्मीद थी लेकिन 5 दिन बाद 2 जुलाई को यह आया. 

मौसम विभाग ने कहा कि 2021 के बाद यह पहली बार है जब राजधानी में मॉनसून की एंट्री जुलाई में हुई है. 2021 में मॉनसून 13 जुलाई को पहुंचा था. पिछले 5 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में 29 जून, 2024 में 28 जून, 2023 में 25 जून और 2022 में 30 जून को मॉनसून दिल्ली आ गया था.

दिल्ली में जून की शुरुआत में बारिश कमजोर रही. इसलिए उम्मीद है कि जुलाई में अच्छी बारिश के साथ मॉनसून की रफ्तार बनी रहेगी.

कैसे पता चलता है कि मॉनसून आ गया?

हमारे देश में मॉनसून का सीजन चार महीनों- जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर का होता है. इसे दक्षिण-पश्चिम मॉनसून कहते हैं. हमारी सालभर की जरूरत की 75% बारिश इन्हीं चार महीनों में होती है. मॉनसून आ गया है... इसके लिए तीन क्राइटेरिया होते हैं, तब जाकर मौसम विभाग मॉनसून के आने की घोषणा करता है.

  • पहला: 10 मई के बाद केरल के 14 में से 60% यानी 9 स्टेशनों पर अगर लगातार दो दिन तक 2.5 मिलीमीटर या इससे ज्यादा बारिश होती है तो मान लिया जाता है कि मॉनसून आ गया. ये 14 स्टेशन हैं- मिनकॉय, अमीनी, तिरुवनंतपुरम, कन्नूर, पुनालुर, कोल्लम, अल्लपुझा, कोट्टायम, कोच्चि, थ्रिसूर, कोझिकोड, थालासेरी, कुडुलु और मंगलोर.
  • दूसरा: अरब सागर से नमी लेकर आने वाली हवाएं चलनी चाहिए. इन हवाओ की गति करीब 27 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए. अरब सागर से आने वालीं ये तेज पश्चिमी हवाएं अगर केरल की तरफ आ रही हों.
  • तीसरा: देखा जाता है कि अरब सागर के ऊपर बारिश वाले घने बादल मौजूद हैं या नहीं. इसके लिए आउटगोइंग लॉन्गवेव रेडिएशन (OLR) का मान 200 वॉट प्रति वर्ग मीटर से कम होना चाहिए. कम OLR का मतलब ज्यादा बादल हैं और मॉनसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं. आसान भाषा में समझें तो OLR कम होने का मतलब है कि इलाके में घने और बारिश वाले बादल मौजूद हैं, जो मॉनसून के लिए अनुकूल स्थिति का संकेत देते हैं.
Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ेंः विहान के बहाने सवाल: बारिश होते ही 'साइलेंट किलर' क्यों बन जाते हैं पेड़ ? मुंबई में 10 साल में हुईं 45 मौतें

अब दिल्ली के लिए क्या है क्राइटेरिया?

आमतौर पर केरल में मॉनसून 1 जून को आ जाता है लेकिन इस बार तीन दिन की देरी से 4 जून को पहुंचा. 

दक्षिण में मॉनसून की एंट्री होने के बाद यह धीरे-धीरे उत्तर की तरफ बढ़ता है. आमतौर पर 15 जुलाई तक यह पूरा भारत कवर कर लेता है.

किसी जगह पर मॉनसून आ गया है, उसके लिए भी वही तीन शर्तें देखी जाती हैं. किसी क्षेत्र में मॉनसून की घोषणा के लिए मॉनसूनी परिस्थितियों, बारिश और मॉनसून की नॉर्दर्न लिमिट (NLM) की स्थिति को एक साथ देखा जाता है. अगर मॉनसूनी हवाएं नहीं आई हैं और फिर भी बारिश हो रही है तो उसे मॉनसून नहीं माना जाता.

दिल्ली में मॉनसून आ गया? इसके लिए आमतौर पर सफदरजंग स्टेशन में दर्ज होने वाली बारिश को मापा जाता है. दिल्ली का बेस स्टेशन यही है. 

दिल्ली के ज्यादातर वेदर स्टेशन पर अब तक हल्की बारिश ही हुई है. हालांकि, सफदरजंग में 8 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है. इसलिए मौसम विभाग ने 2 जुलाई को मॉनसून के दिल्ली में आने का ऐलान कर दिया. 

Latest and Breaking News on NDTV

मॉनसून की वापसी का क्या है पैमाना?

मॉनसून का सीजन 30 सितंबर तक होता है, लेकिन 1 सितंबर से ही इसका विदाई शुरू हो जाती है. अगर अगस्त में बारिश नहीं हो रही है तब भी मौसम विभाग मॉनसून की विदाई का ऐलान नहीं करेगा. 1 सितंबर का इंतजार करेगा.

अगर 1 सितंबर के बाद उत्तर-पश्चिम में लगातार 5 दिन तक बारिश नहीं हो रही है तो मान लिया जाता है कि मॉनसून जा रहा है. राजस्थान से इसकी विदाई शुरू हो जाती है.

उत्तर-पश्चिम से शुरू होने के बाद यह धीरे-धीरे दक्षिण की ओर बढ़ता है. आखिरकार 15 अक्टूबर तक मॉनसून पूरे देश से चला जाता है. अगर इसके बाद भी कहीं बारिश होती है तो उसे पोस्ट-मॉनसून बारिश कहा जाता है. 

यह भी पढ़ेंः लैंडस्‍लाइड, नदियों में उफान... उत्‍तराखंड में आफत की बारिश; देहरादून समेत 5 जिलों के लिए IMD का अलर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monsoon, IMD Monsoon 2026 Forecast, Delhi Monsoon 2026, Weather, IMD Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com