विज्ञापन
This Article is From Sep 06, 2020

दिल्ली मेट्रो 169 दिन बाद आज से फिर शुरू होगी, शुरुआत सिर्फ एक रूट से

सोमवार और मंगलवार को दिल्ली मेट्रो की केवल यलो लाइन शुरू होगी, सुबह-शाम चार-चार घंटे के लिए होगा संचालन, 12 सितंबर से सभी लाइनें पूर्ववत शुरू हो जाएंगी

दिल्ली मेट्रो 169 दिन बाद आज से फिर शुरू होगी, शुरुआत सिर्फ एक रूट से
दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सात सितंबर से शुरू होंगी. इसके लिए तैयारियां जारी हैं.
नई दिल्ली:

दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) 169 दिन के बाद सोमवार सात सितंबर से फिर शुरू होगी. रविवार 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के लिए बंद की गई मेट्रो अब तक के कोरोना वायरस (Coronavirus) काल में बंद रहने के बाद अब शुरू होगी. सोमवार और मंगलवार को दिल्ली मेट्रो की केवल यलो लाइन शुरू होगी जो समयपुर बादली से लेकर गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर के रूट पर चलती है. शुरू में सुबह चार घंटे, यानी 7:00 बजे से लेकर 11:00 बजे तक और शाम को चार घंटे, यानी 4:00 बजे से लेकर 8:00 बजे तक मेट्रो चलेगी. धीरे-धीरे अन्य मेट्रो लाइनें भी शुरू की जाएंगी और 12 सितंबर से सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेनें सुबह 6:00 बजे से लेकर रात के 11:00 बजे तक चलनी शुरू हो जाएंगी.

मेट्रो ट्रेन की फ्रीक्वेंसी शुरुआत में लगभग 2:45 मिनट से लेकर 5:30 मिनट तक की रहेगी. यानी एक ट्रेन जाने के बाद दूसरी ट्रेन आने में इतना समय लगेगा. एक ट्रिप पूरा करने के बाद मेट्रो ट्रेन को सैनिटाइज किया जाएगा जिसकी वजह से समय लगना लाजमी है.

मेट्रो ट्रेन में यात्रा के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा और दूरी का भी पूरा ख्याल रखना होगा. दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को सलाह दी है कि कम से कम सामान के साथ यात्रा करें. सुरक्षा की दृष्टि से जेब में 30 मिलीलीटर से ज्यादा सैनिटाइजर की इजाजत नहीं होगी. 

देश में मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए जारी हुई SOPs, यात्रियों को मानने होंगे ये जरूरी नियम

यात्रा के लिए टोकन जारी नहीं किए जाएंगे. यात्री केवल स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रा कर पाएंगे. स्मार्ट कार्ड को अगर रिचार्ज कराना हो तो ऑनलाइन और डिजिटल माध्यम से करा सकते हैं. नगद भुगतान के जरिए स्मार्ट कार्ड रिचार्ज नहीं होगा. दिल्ली मेट्रो की सेवा बंद होने से पहले करीब 60 लाख यात्री रोजाना मेट्रो में सफर करते थे जिसमें से करीब 70% स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रा करते थे. 

दिल्ली मेट्रो देश की सबसे बड़ी मेट्रो रेल सेवा है जिसका दिल्ली, नोएडा, ग़ाज़ियाबाद, फ़रीदाबाद, गुरुग्राम के इलाकों में 389 किलोमीटर का नेटवर्क है और 285 स्टेशन हैं.

VIDEO: दिल्ली मेट्रो ट्रेन सेवा 7 सितंबर से

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Metro, Metro Train Start Again, Coronavirus
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com