- दिल्ली सरकार ने हौजरानी अग्निकांड में जान बचाने वाले नागरिकों और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया.
- मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रियाजुद्दीन मंसूरी की बहादुरी और गद्दा बिछाने की पहल की विशेष प्रशंसा की.
- हादसों में मरे लोगों के परिजनों को दस लाख रुपये और घायलों को दो लाख रुपये आर्थिक सहायता दी जाएगी.
दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को हौजरानी अग्निकांड में लोगों की जान बचाने वाले साहसी लोगों को सम्मानित किया. दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में CM रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर (हौजरानी) के भीषण अग्निकांड और साकेत (सैदुलाजाब) की इमारत ढहने की घटना में जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान गद्दा बिछाकर कई लोगों की जान बचाने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी समेत दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल दिनेश यादव और मनीष सहित अन्य नागरिकों, पुलिसकर्मियों और बचावकर्मियों को 21,000 रुपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
CM ने रियाजुद्दीन मंसूरी की सराहना की
कार्यक्रम में मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय और छतरपुर के विधायक करतार सिंह तंवर भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने रियाजुद्दीन मंसूरी के साहस और सूझबूझ की विशेष सराहना करते हुए उन्हें उनके द्वारा उपयोग किए गए गद्दों की लागत की प्रतिपूर्ति के साथ प्रोत्साहन राशि भी दी. इस दौरान दोनों दुर्घटनाओं में दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया.
ये भी पढ़ें : ये हैं मालवीय नगर अग्निकांड के 'मसीहा' रियाजुद्दीन, 2 लाख के गद्दे बिछाकर बचाईं 12 जिंदगियां
घायलों को 2 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घोषणा की कि इन हादसों में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत राशि का वितरण शीघ्र और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए.
इस अवसर पर साकेत भवन दुर्घटना और हौजरानी अग्निकांड में राहत व बचाव कार्यों में शामिल कई पुलिसकर्मियों, आपदा प्रबंधन अधिकारियों और स्थानीय लोगों को भी सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे साहसिक और मानवीय कार्य समाज के लिए प्रेरणा हैं और दिल्ली सरकार मानवता की मिसाल पेश करने वाले इन नायकों को नमन करती है.
ये भी पढ़ें : बंगाल की सरकारी इमारत में आग लगने से 4000 ईवीएम जले, मंत्री ने तोड़-फोड़ की आशंका जताई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं